Ashok Chakra to Group Captain Shubhanshu Shukla: गणतंत्र दिवस ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया गया. जून 2025 में शुक्ला नासा के प्राइवेट स्पेसफ्लाइट मिशन, एक्सिओम मिशन 4 के हिस्से के तौर पर इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन का दौरा करने वाले पहले भारतीय नागरिक बने थे.
Shubhanshu Shukla: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार अशोक चक्र से सम्मानित किया. यह सम्मान उन्हें अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक सफल मिशन पूरा कर सुरक्षित लौटने, मिशन के दौरान असाधारण साहस और अद्वितीय कर्तव्यनिष्ठा के लिए दिया गया.
अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय
बता दें कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने वर्ष 2025 में एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्रा की थी. वे विंग कमांडर राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं. गणतंत्र दिवस 2026 पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस बहादुर IAF अधिकारी से अंतरिक्ष यात्री बने शुभांशु शुक्ला के लिए अशोक चक्र को मंजूरी दी थी.
अंतरिक्ष में रचा इतिहास
अपनी ऐतिहासिक अंतरिक्ष यात्रा के दौरान शुभांशु शुक्ला ने कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए, जिनमें अंतरिक्ष में मेथी और मूंग की खेती भी शामिल रही. विशेषज्ञों का मानना है कि ये प्रयोग भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों और मानव जीवन की संभावनाओं के लिए मील का पत्थर साबित होंगे. उनका मिशन आने वाली पीढ़ियों के लिए यह संदेश है कि साहस, संकल्प और कर्मबल से आकाश भी सीमा नहीं रहता.
70 जवानों को मिले वीरता पुरस्कार
सरकारी बयान के अनुसार, इस साल कुल 70 वीर जवानों को अद्वितीय साहस, बलिदान और राष्ट्र की सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा. इनमें थल सेना, नौसेना और वायुसेना के अधिकारी व जवान शामिल हैं.
घोषित पुरस्कारों में शामिल
1 अशोक चक्र
3 कीर्ति चक्र
13 शौर्य चक्र (1 मरणोपरांत)
1 बार टू सेना मेडल (वीरता)
44 सेना मेडल (वीरता) (5 मरणोपरांत)
6 नौसेना मेडल (वीरता)
2 वायुसेना मेडल (वीरता)
