बागपत में ग्राम प्रधान के भाई की हत्या कर दी गई. इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फ़ैल गया है. जानकारी के मुताबिक वह खेत से गन्ने की बुग्गी निकाल रहे थे, इसी दौरान उन पर हमला किया गया. घटना को लेकर परिजनों ने जमीन की पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है.
उत्तर प्रदेश के बागपत में दिनदहाड़े हत्या की वारदात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना छपरौली थाना क्षेत्र के हलालपुर गांव की है. यहां शुक्रवार को खेत से गन्ने की बुग्गी निकालने के दौरान ग्राम प्रधान के भाई 50 वर्षीय संजीव खोखर पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई. जानकारी के मुताबिक वारदात के पीछे चचेरे भाइयों के साथ लंबे समय से चली आ रही जमीन की रंजिश बताई जा रही है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से गांव में दहशत और तनाव का माहौल बन गया.
मौके पर जुट गई भीड़
बताया जा रहा है कि मृतक शुक्रवार को खेत से गन्ने की बुग्गी निकाल रहे थे. इसी दौरान आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. इस हमले में संजीव की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. हत्या की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया. ग्रामीणों ने घटना को लेकर काफी आक्रोश जताया.
आरोपी चाचा है पुलिस से सेवानिवृत
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों और परिजनों से जानकारी जुटाई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों के मुताबिक हत्या करने वाले मृतक के चाचा दिल्ली पुलिस से सेवानिवृत्त हैं और उनका बेटा वर्तमान में यूपी पुलिस में है.
आपको बता दें कि वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. जानकारी के मुताबिक मृतक तीन भाई थे, जिनमें से उनके बड़े भाई प्रमोद ग्राम प्रधान हैं और सबसे छोटे भाई राजीव सेवानिवृत्त फौजी हैं. बताया जा रहा है कि मृतक संजीव मंझले भाई थे. उनका एक बेटा भी है.
