बरेली में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया. इस दौरान गोलीबारी की घटना हो गई, जिससे एक राहगीर की गोली लगना से मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में रंजिश को लेकर एक विवाद हो गया. इस विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने और उसे सड़क पर घसीटने का वीडियो सामने आया है. जानकारी के मुताबिक़ पूरी घटना आंवला क्षेत्र की है, जहां सुमित गुप्ता पर कुछ लोगों ने फरसे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. आरोप है कि पिटाई के बाद हमलावर उसे करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गए. इस घटना से जुड़े विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें राहगीर सज्जाद की मौत हो गई, जबकि सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया. सुमित की पत्नी ने छह नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है. वहीं, दूसरे पक्ष ने भी जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है. पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और वीडियो की जांच कर रही है.
100 मीटर तक घसीटा
जानकारी के मुताबिक़ आंवला के मोहल्ला गंज निवासी दामिनी गुप्ता ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह अपने पति सुमित के साथ त्रिपोलिया बाजार से घर लौट रही थीं. इसी दौरान तरुण, वरुण, सुदेश सिंह उर्फ भूरे, नवीन सिंह, सचिन, गौरव सिंह और तीन अन्य लोगों ने उनके पति को घेर लिया. दामिनी ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से सुमित पर फरसे और लाठी-डंडों से हमला किया. इसके बाद उन्हें करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए लठैता मोहल्ले की तरफ ले गए. इस घटना की वीडियो भी सामने आया है.
फायरिंग में राहगीर की हुई मौत
सुमित के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उनके परिवार के लोग और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और फायरिंग होने लगी. इसी दौरान गोली लगने से वहां से गुजर रहे सज्जाद की मौत हो गई. वहीं, सुमित भी गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन सुमित को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल भेज दिया. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. सुमित की पत्नी ने आरोप लगाया कि लठैता मोहल्ले के तरुण ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है.
दूसरे पक्ष ने भी की पुलिस से शिकायत
मामले में दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत दर्ज कराई गई है. लठैता निवासी रेनू ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा तरुण सिंह शनिवार शाम करीब 4:30 बजे गंज त्रिपोलिया बाजार से घर लौट रहा था. आरोप है कि रास्ते में पुरैना ढाल निवासी मोहित गुप्ता, रोहित गुप्ता, सुमित गुप्ता, दीपक गुप्ता, प्रियांशु गुप्ता, सचिन गुप्ता और महेश चंद्र गुप्ता ने उसे रोक लिया.
रेनू ने शिकायत लगाते हुए बताया कि आरोपियों ने तरुण पर तमंचों से फायरिंग की. जान बचाने के लिए तरुण पड़ोस में रहने वाले अपने ताऊ के घर में घुस गया. उन्होंने दावा किया कि यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. रेनू ने यह भी आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर को बरेली स्थित विश्वविद्यालय से लौटते समय तरुण के साथ मारपीट की गई थी. इस मामले में बिथरी चैनपुर थाने में पहले से रिपोर्ट दर्ज है.
