बरेली के भोजीपुरा पुलिस ने नकली डाक्यूमेंट्स की मदद से लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
भोजीपुरा पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके लोगों को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, 28 चेकबुक, सात बैंक पासबुक, 75 एटीएम कार्ड, आठ आधार कार्ड, फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और 12 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद हुआ है।
आधार कार्ड में बदल देते थे पता
पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लोगों से संपर्क करते थे और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर लोन की रकम हासिल करते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोगों के आधार कार्ड में पता बदलकर नए सिम हासिल करते थे, जिसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर फर्जी पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज तैयार किए जाते थे।
एक आरोपी फरार
पुलिस ने राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्णा गुप्ता, राकेश गुप्ता, अनिल गुप्ता और ऋषभ कुमार सक्सेना को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आमिर खां उर्फ यामिर खां के भी गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है|
पुलिस ने आरोपियों के पास से बड़ी मात्र में सामान बरामद किया है. आरोपियों के पास से 3 लाख 50 हजार रुपये नकद के साथ 28 चेकबुक और सात बैंक पासबुक बरामद हुई हैं. इसी के साथ इन आरोपियों के पास से 75 एटीएम कार्ड, आठ आधार कार्ड, फर्जी पहचान पत्र, दो पैन कार्ड और 12 मोबाइल फोन समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद हुआ है.
