उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने नशे की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस को मिली बड़ी सफलता
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अब इस अभियान में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है. भमोरा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने एक परिवार के 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति और उसके 2 बेटों को गिरफ्तार किया गया है. बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी लंबे समय से नशे की तस्करी करने में शामिल थे.
1.75 किलो हेरोइन हुई बरामद
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान परमानंद उर्फ पप्पू और उसके बेटे रविंद्र और यशवीर के रूप में की गई है. तीनों आरोपी मूल रूप से बदायूं के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के पास से 1 किलो 750 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है. बरामद की गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के मुताबिक लगभग 12 करोड़ रुपए के आसपास मानी जा रही है.
950 ग्राम केमिकल भी आरोपियों के पास से बरामद
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से हेरोइन के अलावा 950 ग्राम केमिकल पाउडर और 87,520 रुपए बरामद हुए हैं. शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि इस पूरे अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड आरोपी परमानंद उर्फ पप्पू था. बताया जा रहा है कि वह कच्चे मादक पदार्थों को केमिकल की मदद से तैयार करता था और अपने बेटों के जरिए बाजार में सप्लाई करता था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्रवाई को एक खुफिया जानकारी के आधार पर किया गया है. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े नेटवर्क का जुड़ाव हो सकता है. फिलहाल बरेली पुलिस मामले में जांच करते हुए पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुड़ी हुई है.
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी पोस्टों से फायरिंग! भारतीय सेना के ड्रोन पर दागी गोलियां; सीमा पर बढ़ा तनाव
