बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट के केबिन और कॉकपिट में धुआं उठता दिखाई दिया. जिसके बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया गया. विमान में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, इस दौरान 2 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं.

विमान से उठता दिखा धुआं
बेंगलुरु से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार को हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि विमान के केबिन और कॉकपिट में धुआं दिखाई दिया. जिसके बाद उसके अंदर सवार यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया. इस दौरान 230 लोग विमान में सवार थे, जिन्हें बाहर निकालने की प्रक्रिया में 2 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. इस घटना को लेकर विमानन नियामक डीजीसीए जांच कर रहा है.
यात्रियों को निकाला बाहर
विमान में यह घटना होने बाद विमान को उड़ान भरने से रोक दिया है. इंडिगो ने बयान जारी करते हुए कहा कि सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और उन्हें टर्मिनल पर ले जाया गया है. इंडिगो एयरलाइंस के मुताबिक 26 मई को बेंगलुरु से चेन्नई जाने वाली फ्लाइट उड़ान भरने के लिए रनवे पर बढ़ रही थी, इसी दौरान विमान में धुआं दिखाई दिया. जिसके बाद सुरक्षा को देखते हुए सभी यात्रियों को तुरंत ही बाहर निकाला गया.
रनवे पर थी फ्लाइट
उड़ान से पहले धुआं दिखाई देने पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत ही सूचित किया गया. यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E6017 में हुई है. मामले में जानकारी देते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि यात्रियों को बाहर निकालने के लिए कोशिश ‘ए321’ विमान वीटी-आईएमई से की गई थी. विमान रनवे पर आगे बढ़ रहा था और इसी दौरान कॉकपिट और केबिन से धुआं दिखाई दिया था.
इस दौरान क्रू ने तुरंत ही आपातकालीन स्लाइड का इस्तेमाल करके सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला. इस प्रक्रिया के दौरान 2 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. फिलहाल विमान की जांच और उसमें सुधार के लिए उड़ान भरने से रोक दिया है. वहीं एयरलाइंस के मुताबिक यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है.
