Bengaluru Sex Racket Case: बेंगलुरु में किराए के मकानों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए CCB की महिला सुरक्षा स्क्वॉड ने 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 5 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला है और इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी है.

Bengaluru Sex Racket Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पुलिस ने किराए के मकानों में चल रहे कथित देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. केंद्रीय अपराध शाखा यानी CCB की महिला सुरक्षा स्क्वॉड ने शहर के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि ये महिलाएं किराए के घर लेकर वहां अवैध धंधा चला रही थीं. साथ ही दूसरी महिलाओं को भी इस काम में जबरन धकेला जा रहा था. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
पुलिस को पिछले कई दिनों से लगातार शिकायतें और गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं. बताया जा रहा था कि कुछ मकानों में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं. इसके बाद महिला सुरक्षा स्क्वॉड ने निगरानी शुरू की. अलग-अलग इलाकों में कई दिनों तक जांच की गई. जब पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली, तब टीम ने एक साथ कई जगहों पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सात महिलाओं को हिरासत में ले लिया. वहीं पांच दूसरी महिलाओं को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया.
जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं ज्यादा पैसे कमाने के लिए फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क करती थीं. ग्राहक तय होने के बाद उन्हें किराए के मकानों में बुलाया जाता था. वहीं पर पूरा अवैध कारोबार चलाया जा रहा था. पुलिस के मुताबिक, कुछ महिलाओं को मजबूरी और लालच देकर इस धंधे में धकेला गया था. छापेमारी के दौरान पुलिस ने कई अहम दस्तावेज और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. अब इन सबकी जांच की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ एक छोटा हिस्सा हो सकता है. पूरे नेटवर्क में और भी कई लोग शामिल होने की आशंका है. गिरफ्तार महिलाओं से लगातार पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस धंधे को कौन चला रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अलग-अलग इलाकों में किराए के घर लेकर इस तरह की गतिविधियां चलाई जा रही थीं.
इस मामले में कामाक्षीपाल्या, विद्यारण्यपुरा और बसवेश्वरनगर पुलिस थानों में केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने साफ कहा है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. वहीं रेस्क्यू की गई महिलाओं को जरूरी मदद और सुरक्षा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अब पुलिस पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में लगी हुई है.
