बिहार से गायब होने वाली 4 लड़कियों को अब पुलिस ने राजधानी दिल्ली से बरामद कर लिया है. जानकारी के मुताबिक ये चारों लड़कियां दिल्ली में रह रही थीं. इनमें से 2 लड़कियां लड़के का भेष बनाकर पुलिस को गुमराह कर रही थीं.
बिहार से गायब हुई लड़कियां दिल्ली में बरामद
बिहार के गयाजी के डेल्हा थाना क्षेत्र से लापता होने वाली 4 लड़कियों को अब पुलिस ने राजधानी दिल्ली से बरामद किया है. डेल्हा थाना पुलिस की विशेष टीम इन लड़कियों को दिल्ली से बरामद करने के बाद में गयाजी वापस लेकर पहुंच गई है. आपको बता दें कि ये चारों लड़कियां 16 जनवरी से घर से गायब थीं. पुलिस की टीम इन लड़कियों की तलाश में लगातार घूम रही थी. अब चारों लड़कियां पुलिस की निगरानी में हैं.
आपस में प्रेम संबंध में हैं 2 लड़कियां
बिहार के इस मामले का खुलासा करते हुए DSP-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया है कि ये चारों लड़कियां एक ही मोहल्ले की हैं और सभी एक दूसरे को अच्छे से जानती हैं. इन चारों में से 2 लड़कियां आपस में प्रेम संबंध में हैं. वहीं बाकी की 2 लड़कियां उनकी सहेली बताई जा रही हैं. बताया जा रहा है कि बाकी की 2 लड़कियां दोस्ती निभाने के लिए परिवार को बिना बताए उनके साथ चली गई थीं. पुलिस के मुताबिक ये सभी लड़कियां अपना फोन घर पर ही रखकर निकली थीं.
दिल्ली में लड़का बनकर घूम रही थीं लड़कियां
बताया जा रहा है कि ये सभी लड़कियां पहले गया से बक्सर गईं और फिर वहीं से दिल्ली के निकल गई. जानकारी के मुताबिक दिल्ली पहुंचने के बाद में 2 लड़कियों ने अपनी पहचान छिपाकर लड़के का वेश धारण कर लिया था. इन लड़कियों ने अपने लंबे बालों को कटवाकर उन्हें छोटा करवा दिया और जींस पहनकर पुलिस को गुमराह किया था.
पुलिस के सामने से निकलीं लड़कियां
लड़कों की तरह बनकर घूमने वाली लड़कियां पुलिस से सामने से 2 बार निकली, लेकिन पुलिस इन लड़कियों को पहचान नहीं पाती है. बताया जा रहा है कि घर से भागने के बाद में लड़कियां अलग-अलग लोगों के मोबाइल से एक दूसरे से बात करती रहीं. फिलहाल अब चारों लड़कियां पुलिस की हिरासत में हैं. पुलिस का कहना है कि कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद में अदालत के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र से 3 नाबालिग लड़कियां गायब! घर से निकलीं लेकिन नहीं लौटीं वापस, तलाश करते हुए ठाणे से यूपी पहुंची पुलिस
