बिजनौर पुलिस ने एक अनोखे चोर को पकड़ा है. जानकारी के मुताबिक़ आरोपी विग लगाकर वाहन चोरी करता था और घटना को अंजाम देने के बाद विग उतार कर अपनी असली पहचान में आ जाता था. पुलिस ने आरोपी के पास से यामाहा MT-15 बाइक और एक जली हुई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है.
उत्तर प्रदेश की बिजनौर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है. जानकारी के मुताबिक़ यह चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए चोरी के दौरान विग लगाता था. वारदात के बाद कुछ दूरी पर जाकर विग उतार देता था, जिससे सीसीटीवी कैमरों में उसकी पहचान न हो सके. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की यामाहा MT-15 बाइक और एक जली हुई अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है. अफजलगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू उर्फ सोहेल को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने खंगाली CCTV
पुलिस के मुताबिक आरोपी अफजलगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं. यह मामला 4 अक्टूबर का है. विशाल नाम के व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर अपनी यामाहा मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की. फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया.
विग लगाकर की चोरी
मामले में जांच करते हुए पुलिस ने जब अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर जांच की तो आरोपी के चोरी करने के तरीके का खुलासा हुआ. पुलिस के मुताबिक बाइक चोरी करते समय आरोपी ने सिर पर विग लगा रखी थी. वह अलग हुलिए में नजर आ रहा था. लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद कुछ दूरी पर जाकर उसने विग उतार दी. इसके बाद कैमरे में उसका वास्तविक हुलिया दिखाई दिया.
पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी
सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने संदिग्ध की पहचान सोनू उर्फ सोहेल के रूप में की. इसके बाद करवाई होते हुए पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए विग का इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की.
दूसरे राज्यों में भी की चोरी
पूछताछ में आरोपी ने उत्तराखंड के रामनगर से भी बाइक चोरी करने की बात कबूल की है. पुलिस का दावा है कि आरोपी उत्तर प्रदेश के अलावा दूसरे राज्यों में भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस अन्य मामलों में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है.
