Cockroach Janta Party: जंतर मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान मॉल में बर्गर खाने का वीडियो वायरल होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है.

Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है. यह फैसला सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद लिया गया. वीडियो में जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान विजेता पास के एक मॉल में बर्गर आउटलेट पर नजर आ रहे थे. हैरान करने वाली बात यह थी कि जिस वक्त वह वहां मौजूद थे, उसी समय बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही थी.
पार्टी ने लिया सख्त फैसला
वीडियो सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने आधिकारिक बयान जारी किया. पार्टी ने विजेता दहिया के इस बर्ताव को बेहद असंवेदनशील और गैर जिम्मेदाराना बताया. पार्टी का कहना है कि जब उनके साथी और छात्र पुलिस की कार्रवाई झेल रहे थे, तब ऐसा व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता. इसी वजह से उन्हें तुरंत प्रभाव से प्रवक्ता पद से हटा दिया गया है और उनसे सभी जिम्मेदारियां वापस ले ली गई हैं.
वायरल वीडियो से शुरू हुआ विवाद
इंटरनेट पर सामने आए वीडियो में कुछ युवा विजेता दहिया से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं. वे कह रहे हैं कि जब बाकी लोग लाठियां खा रहे थे, तब आप बर्गर का आनंद ले रहे थे. हालांकि, यह वीडियो किस समय और किन हालातों में बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. लेकिन इसके सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
विवाद बढ़ने पर प्रवक्ता ने दी सफाई
मामला तूल पकड़ते देख विजेता दहिया ने सोशल मीडिया पर अपनी सफाई पेश की. उन्होंने कहा कि वह पिछले डेढ़ महीने से आंदोलन में रात दिन काम कर रहे हैं और दो दिन से सोए भी नहीं थे. भूख लगने पर खाना खाना कोई अपराध नहीं है. हालांकि, अपनी पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने यह भी लिखा कि मैदे और ट्रांस फैट की वजह से उन्होंने बाद में बर्गर नहीं खाया और कहीं और भोजन किया.
पहले भी बयानों को लेकर हुआ है विवाद
विजेता दहिया का विवादों से पुराना नाता रहा है. इससे पहले भी वह अपने कुछ विवादित बयानों को लेकर चर्चा में आ चुके हैं. महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय की राजनीति में भागीदारी पर की गई उनकी टिप्पणियों की काफी आलोचना हुई थी. यह पूरा मामला ऐसे समय आया है जब पार्टी नीट पेपर लीक मुद्दे पर लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रही है.
