Jantar Mantar Protest Case: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका की न्यायिक हिरासत दो दिन और बढ़ा दी गई है. जंतर-मंतर प्रदर्शन मामले से जुड़ी पूरी खबर यहां पढ़ें.

Jantar Mantar Protest Case: कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP के प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को फिलहाल जेल में ही रहना पड़ेगा. मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पुलिस ने दोनों की न्यायिक हिरासत को और आगे बढ़ाने की मांग की थी. कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुना दिया है. अदालत ने सौरव और रांका की न्यायिक हिरासत को दो दिन और आगे बढ़ा दिया है. आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि इस पूरे मामले की शुरुआत कैसे हुई थी और इसके पीछे क्या वजह है.
स्पेशल मजिस्ट्रेट के सामने हुई थी पेशी
सौरव दास और आशुतोष रांका को सोमवार को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में बनाए गए नवनियुक्त स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया था. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में दोनों की हिरासत बढ़ाने के लिए अर्जी दी गई थी. इस अर्जी पर सुनवाई के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत हिरासत बढ़ाना जरूरी था.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बाद हुई थी कार्रवाई
यह पूरा मामला दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा हुआ है. सौरव दास, आशुतोष रांका और CJP के अन्य कार्यकर्ताओं ने जंतर-मंतर पर पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया था. साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी. आरोप है कि इन लोगों ने बंद गेट को फांदकर जंतर-मंतर के अंदर प्रवेश किया था. जबकि इस जगह को पहले ही निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए इन्हें हिरासत में ले लिया था.
पहले भी पांच दिन की भेजी गई थी हिरासत
इस घटना के बाद पुलिस ने दोनों नेताओं को कोर्ट में पेश किया था. जहाँ से 13 अक्टूबर को इन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. हालांकि CJP पार्टी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके दोनों संयोजकों की रिहाई को रोकने की साजिश रची जा रही है. पार्टी का दावा है कि उनकी जमानत पर होने वाली सुनवाई में जानबूझकर देरी की जा रही है ताकि उन्हें आसानी से जमानत न मिल सके.
मजिस्ट्रेट को धमकी मिलने का सामने आया मामला
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया जब रविवार को जमानत याचिका पर सुनवाई कर रहे स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने धमकी मिलने की बात कही. मजिस्ट्रेट की तरफ से यह बात सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट यानी NCR दर्ज कर ली है. इस घटना के बाद से सुरक्षा और कानूनी प्रक्रिया को लेकर चर्चाएं और भी ज्यादा तेज हो गई हैं.
CJP प्रमुख अभिजीत दिपके को मिल चुकी है राहत
एक तरफ जहाँ सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं, वहीं दूसरी तरफ कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दिपके को इस मामले में राहत मिल चुकी है. दिल्ली की एक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने अभिजीत दिपके को पहले ही जमानत दे दी है, जिससे वे फिलहाल जेल से बाहर हैं. लेकिन पार्टी के बाकी नेताओं की न्यायिक हिरासत बढ़ने के कारण CJP समर्थकों में चिंता बनी हुई है. आगे इस मामले में क्या कानूनी कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
