Haridwar News: उत्तराखंड की धामी सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में 7 मार्च को हरिद्वार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए सरकार तैयारियों में जुट गई है.
राजनीतिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज
हरिद्वार के बैरागी कैंप में प्रस्तावित बड़े राजनीतिक आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. 7 मार्च को होने जा रहे इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी प्रस्तावित है, जिसके मद्देनज़र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. सुरक्षा, मंच, जनसभा स्थल और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए.सीएम धामी ने यह निर्देश भी दिए कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, जनसुविधाओं तथा विभागीय समन्वय से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में कोई कमी न रहे।
जुटेंगे बीजेपी पदाधिकारी और कार्यकर्ता
बताया जा रहा है कि यह आयोजन महा रैली के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता जुटेंगे. कार्यक्रम के दौरान हाल ही में लागू नए आपराधिक कानूनों पर चर्चा के साथ-साथ राज्य में संचालित विकास परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं को भी प्रमुखता से रखा जाएगा. मुख्यमंत्री धामी ने साफ किया है कि आयोजन को सफल और व्यवस्थित बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी.
