Rae Bareli: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां गांव के बाहर पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
Rae Bareli News: रायबरेली में आज यानी रविवार सुबह एक गांव के बाहर पेड़ से युवक और युवती के शव लटके मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर पेड़ पर लटके दोनों शवों पर पड़ी.
यह नज़ारा देखकर ग्रामीण सन्न रह गए और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
कहां का है पूरा मामला ?
यह घटना राघनपुर गांव की है, जो मिल एरिया थाना इलाके में आता है. ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाया. शुरुआती जांच में युवक और युवती की उम्र करीब 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है. हालांकि, उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है. मौके से कुछ अहम सबूत जुटाए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
गांव में दहशत का माहौल
कई लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है.फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है.
