दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को चौंका कर रख दिया है. दरअसल, हिरणकी गांव में स्थित यमुना नदी में नहाने के लिए गए 4 बच्चे तेज बहाव में डूब चुके हैं. एक व्यक्ति ने शोर मचाकर सभी को इसकी जानकारी भी दी, लेकिन तेज बहाव के कारण बच्चे नदी में डूब गए. अभी तक बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया है. रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी चालू है.
5 में से 4 लापता
जानकारी के मुताबिक, यमुना में नहाने के लिए 5 बच्चे गए हुए थे, लेकिन उनमें से 4 बच्चे तेज बहाव होने की वजह से उसी में समा गए. मामले की सूचना मिलते ही DDMA, NDRF, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची, जिसके बाद बच्चों का रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा है. हालांकि, अभी तक बच्चों का कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है. अलीपुर थाना पुलिस का कहना है कि शव को ढूंढने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बारिश ने ली जान?
वहीं, दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के बैजपुर से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. दरअसल, यहां एक पानी से भरे गड्ढे में डूबने के कारण दो बच्चों की मौत हो चुकी है. मामले की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम भी मौके पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद में दोनों शवों को बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक दोनों की डूबने की वजह से मौत हो चुकी थी. लोगों का कहना है कि यह गड्ढा अवैध खनन के कारण हुआ था. बारिश होने के बाद उसमें पानी भर गया था. ध्यान न जाने पर दोनों बच्चे उसमें गिर गए, जिसकी वजह से उनकी मौत हो गई. एक 14 वर्ष का था. वहीं, दूसरा 12 वर्ष का है.
ये भी पढ़ें: पेट्रोल पंप पहुंचने से पहले टैंकरों में मिलावट; क्राइम ब्रांच ने पकड़ा 11 हजार लीटर से ज्यादा का अवैध ईंधन
