दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में मौजूद एक होटल में एक युवती की चाकू मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि युवती के बॉयफ्रेंड ने वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने घटना के बाद जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की.
दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके से एक गंभीर घटना सामने आयी है. इलाके में मौजूद एक होटल में युवती की हत्या का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक होटल के कमरे में एक 28 साल की युवती खून से लथपथ मिली. आरोप है कि उसके बॉयफ्रेंड ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद आरोपी युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. इस घटना के बाद होटल के स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची. इस दौरान डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया. वहीं आरोपी युवक का अस्पताल में इलाज जारी है.
होटल में लिया था कमरा
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक युवती की पहचान शिवानी के रूप में हुई है, जो बिहार की रहने वाली थी. वहीं, आरोपी युवक की पहचान 29 साल के प्रकाश सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि युवक राजस्थान का रहने वाला है. जानकारी के मुताबिक दोनों बुधवार को दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में स्थित होटल प्रिंस पहुंचे थे. दोनों ने होटल में एक कमरा लिया था.
होटल स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना
दोनों के अंदर जाने के कुछ समय बाद होटल के कर्मचारियों को कमरे के अंदर की स्थिति को लेकर शक हुआ. इसके बाद स्टाफ ने कमरे में जाकर देखा तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे के अंदर युवती खून से लथपथ और घायल अवस्था में पड़ी हुई थी. वहीं प्रकाश सिंह भी बेसुध हालत में मिला. होटल कर्मचारियों ने मामले की सूचना तुरंत ही पुलिस को दी.
मामले में युवक से पूछताछ करेगी पुलिस
पुलिस के मुताबिक हत्या करने के बाद युवक ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन वह अभी अस्पताल में भर्ती है. पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी युवक के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ था.
