दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. मयूर विहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक 17 साल के छात्र की बुरी तरह से पिटाई होने से उसकी मौत हो गई. मरने वाले छात्र की पहचान 17 साल के मोहित के रूप में हुई है. मोहित 11वीं कक्षा का छात्र थी. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल बना हुआ है.
झगड़े में बदल गई कहासुनी
दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके में एक ग्रुप हमले में एक छात्र की जान चली गई, 5 जनवरी को की शाम लगभग 7:25 बजे मोहित अपने कुछ दोस्तों के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में मौजूद था. इसी बीच वहां पर पहले से हो रहा एक विवाद बढ़ गया. ऐसा बताया जा रहा है कि मोहित का उसके इलाके के एक किशोर से पहले से किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा था, जिसके बाद वहां बातचीत के दौरान थोड़ी कहासुनी हुई और यह कहासुनी बड़े झगड़े में बदल गई.
बुरी तरह से मोहित को पीटा
इस झगड़े में 17 साल के मोहित की जान चली गई. वहां मौजूद लोगों के मुताबिक मोहित को कई लोगों ने घेर लिया और सभी ने मिलकर उसके ऊपर हमला किया और उसे बुरी तरह से पीटा. जिसके बाद मोहित जमीन पर गिर गया, लेकिन फिर भी हमलावर उसे पीटते रहे. बेरहमी से पिटने के बाद में मोहित वहीं बेहोश हो गया, जिसके बाद में वहां मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया.
बेहोशी की हालत में ले जाया गया अस्पताल
इस घटना के दौरान वहां मौजूद एक युवक मोहित को बचाने के लिए आगे बढ़ा लेकिन हमलावरों ने उसके ऊपर भी हमला कर दिया. जिसके बाद लोगों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने के बाद में पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो गए थे. इस घटना में मोहित की हालत काफी गंभीर हो गई थी. जिसके बाद में मोहित को बेहोशी की हालत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत को ज्यादा गंभीर देख उसे GTB अस्पताल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने बताया कि उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं.
इलाज के दौरान हो गई मौत
मोहित को GTB में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था, लेकिन 6 जनवरी को रात करीब 1:15 बजे पुलिस को खबर मिलती है कि इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई है. जिसके बाद मोहित के परिवार में कोहराम मच गया. मौत की खबर मिलने के बाद में पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई शुरू कर दी और मयूर विहार थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया.
संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 126(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है. इस मामले में सभी आरोपी नाबालिग हैं, जिसके चलते उन्हें CCL यानी Child in Conflict with Law के तौर पर ट्रीट किया जा रहा है. इस मामले में जांच पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया में चल रही है. इस घटना के बाद में क्राइम टीम और FSL की टीम ने घटनास्थल से सबूतों को इकट्ठा किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है.
सभी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अपनी जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए सभी 6 नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जिसके बाद में पूछताछ में कई जरूरी जानकारियां सामने आई हैं. हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर ज्यादा खुलासा नहीं किया है, इस मामले में लगातार जांच चल रही है. फिलहाल छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद मौत की असली वजह अभी पता लगना बाकी है.
