दिल्ली में तुर्कमान गेट इलाके में अवैध निर्माण को हटाने के दौरान भारी बवाल हो गया. फैज-ए-इलाही मस्जिद हो रहे अवैध निर्माण को हटाने के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने वहां तैनात पुलिस बल पर पत्थरबाजी शुरू कर दी. इस बवाल में 4 से 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए. अब इस घटना के चलते दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं.
हाई कोर्ट के आदेश पर चल रहा था अभियान
दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास अवैध निर्माण हटाने के दौरान विवाद काफी आगे बढ़ गया. दिल्ली पुलिस और MCD के अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसी भी धार्मिक स्थल के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी तरह से हाई कोर्ट के आदेश पर की गई कार्रवाई थी. डीसीपी सेंट्रल निधिन वालसन के मुताबिक यह घटना रात में करीब 1 बजे के आसपास शुरू हुई. अभियान के दौरान मौके पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल को तैनात किया गया था, जिससे कानून व्यवस्था को बनाया रखा जा सके.
पुलिस के ऊपर शुरू हुई पत्थरबाजी
DCP सेंट्रल निधिन वालसन के मुताबिक MCD हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार अतिक्रमण वाली जगहों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी. DCP सेंट्रल ने बताया कि हमने सुरक्षा के लिए पूरा स्टाफ तैनात किया था. इस बवाल के दौरान कई लोगों ने रात में पुलिस बल के ऊपर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए हल्के बल का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद 4-5 पुलिसकर्मी घायल हो गए.
पुलिसकर्मियों ने पहन रखे थे बॉडी कैम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरी घटना के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने शरीर पर बॉडी कैम पहन रखे थे. इस मामले में पुलिस नमे 10 आरोपियों को हिरासत में भी लिया है, जिनके ऊपर जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस वालों के साथ में इलाके में लगे CCTV कैमरों में भी पूरी घटना का फुटेज रिकॉर्ड हुआ है. घटना के बाद में दिल्ली पुलिस इन सभी कैमरों में फुटेज खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इन फुटेज के जरिए यह साफ किया गया जाएगा कि हमले में कौन लोग शामिल थे और किन परिस्थिति में यह घटना हुई थी.
प्लान के मुताबिक हुई घटना
पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी सबूतों और फुटेज के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस के मुताबिक यह घटना प्लान के मुताबिक लग रही थी, पुलिस ने बताया कि कुछ लोग पहले से मौजूद थे और वे भीड़ को भड़काने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को छोड़ा नहीं जाएगा.
मस्जिद को नहीं पहुंचा नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि फैज-ए-इलाही मस्जिद को किसी भी तरह का कुछ भी नुकसान नहीं हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि मस्जिद को बिल्कुल भी तोड़ नहीं गया है और कार्रवाई के दौरान मस्जिद के पास के अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई है. जानकारी के मुताबिक, एक बारात घर हिस्सा, कुछ दुकानें और एक डिस्पेंसरी के ऊपर कार्रवाई हुई है. इन सभी निर्माणों को हटाने के लिए काफी समय से कानूनी प्रक्रिया चल रही थी और अब हाई कोर्ट के आदेश के बाद इनके ऊपर कार्रवाई हुई है.
पुलिस ने दर्ज की FIR
दिल्ली पुलिस ने इस घटना के बाद में एक FIR दर्ज की है, जिसमें सरकारी काम में बाधा डालना और पुलिस के ऊपर हमला करने के साथ में सार्वजनिक शांति भंग करने के जैसी धाराएं लगाई गई हैं. DCP सेंट्रल ने कहा है कि जो लोग भी इस घटना में शामिल थे, उनकी पहचान की जाएगी और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे किसी की साजिश तो नहीं है. अगर जांच में ऐसा कुछ सामने आता है आगे की कार्रवाई भी की जाएगी.
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद में तुर्कमान गेट के साथ में इसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है. इलाकों में किसी भी तरह की अफवाहों या फिर दोबारा से हिंसा की स्थिति को रोकने के लिए पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है. पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने के साथ में अफवाहों के ऊपर ध्यान न देने के लिए अपील की है.
