dhar devkrishna purohit murder case: मध्य प्रदेश के धार में पुलिस ने देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि प्रियंका ने अपने रंग-रूप को लेकर पति से नफरत और अवैध संबंधों के चलते एक लाख रुपये की सुपारी देकर देवकृष्ण की हत्या करवाई थी.

dhar devkrishna purohit murder case: मध्य प्रदेश के धार जिले में हुए देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड ने पूरे इलाके को हिला दिया है. मामले का खुलासा होने के बाद अब मृतक के परिवार का दर्द सामने आ रहा है. पुलिस ने जब पत्नी प्रियंका को गिरफ्तार किया तो कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं. मृतक की मां लक्ष्मी बाई और बहन ज्योति ने बताया कि घर के अंदर लंबे समय से तनाव का माहौल था. परिवार के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. धीरे-धीरे यह तनाव इतना बढ़ गया कि इसका अंत एक दर्दनाक हत्या में हुआ.
मृतक की बहन ज्योति का कहना है कि प्रियंका अपने पति देवकृष्ण को अक्सर मानसिक रूप से परेशान करती थी. वह उसे ताने देती थी और कहती थी कि तुम काले हो और मेरे लायक नहीं हो. वह बार-बार कहती थी कि उसे कोई अच्छा लड़का मिलना चाहिए था. ज्योति के अनुसार प्रियंका अपने पति से खुश नहीं थी और कई बार तलाक लेने की बात भी कह चुकी थी. परिवार का आरोप है कि प्रियंका घर के लोगों से ठीक तरह से बात भी नहीं करती थी. वह अक्सर चिड़चिड़ी रहती थी और देवकृष्ण के करीब आने पर नाराज हो जाती थी.
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि प्रियंका का पिछले चार साल से किसी और के साथ संबंध चल रहा था. परिवार के मुताबिक साल 2020 से उसका कमलेश नाम के युवक के साथ प्रेम प्रसंग था. जब प्रियंका ससुराल में रहती थी तो उसका प्रेमी गांव के आसपास आता था. वह खिड़की के पास खड़ी होकर उससे इशारों में बात करती थी. मोबाइल पर घंटों बातचीत होती थी. जब परिवार के लोग इस बात पर आपत्ति जताते थे तो घर में झगड़ा शुरू हो जाता था.
जांच में सामने आया कि देवकृष्ण को रास्ते से हटाने के लिए एक साजिश रची गई थी. आरोप है कि प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश ने मिलकर हत्या की योजना बनाई. कमलेश ने अपने दोस्त सुरेंद्र को एक लाख रुपये देकर देवकृष्ण की हत्या की सुपारी दी. घटना वाली रात जब देवकृष्ण सो रहा था तब सुरेंद्र घर में घुस गया. उसने सोते हुए देवकृष्ण पर हमला किया और उसकी हत्या कर दी. इसके बाद मामले को लूट जैसा दिखाने की कोशिश की गई.
पुलिस जांच के दौरान कई सच्चाइयां सामने आईं. पुलिस को घटनास्थल पर जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले. इसके बाद जब प्रियंका से सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली. पुलिस ने प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है. घर से वह सामान भी बरामद कर लिया गया है जिसे लूट का सामान बताया जा रहा था. फिलहाल सुपारी किलर सुरेंद्र फरार है और पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं.
