Kanhaiya Kumar SRCC Speech: SRCC के 100 साल पूरे होने पर पीएम मोदी के भाषण पर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने तीखा हमला बोला है. कन्हैया ने आरोप लगाया कि पीएम ने कॉलेज को चुनावी मंच बनाया और बेरोजगारी-पेपर लीक जैसे मुद्दों पर चुप्पी साध ली.

Kanhaiya Kumar SRCC Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) दौरे को लेकर अब राजनीति गरमा गई है. पीएम मोदी ने शनिवार को कॉलेज के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया था. उन्होंने 100 रुपये का विशेष सिक्का भी जारी किया. लेकिन अब कांग्रेस ने इस पूरे कार्यक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं. कांग्रेस का आरोप है कि पीएम ने एक बड़े शैक्षणिक संस्थान को अपना चुनावी मंच बना दिया.
चुनावी फायदे के लिए इस्तेमाल का आरोप
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने प्रधानमंत्री के भाषण पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में 18 सितंबर को छात्र संघ का चुनाव होना है. इसी वजह से पीएम मोदी वहां वोटरों को लुभाने गए थे. कन्हैया ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में आम छात्रों को आने ही नहीं दिया गया. सिर्फ चुनिंदा लोगों को बुलाकर हॉल भरा गया था. बाकी छात्रों की एंट्री पर रोक लगा दी गई थी.
‘ग्लास में पानी नहीं सिर्फ PR है’
पीएम मोदी के 2013 के भाषण का जिक्र करते हुए कन्हैया ने तंज कसा. उन्होंने कहा कि 2013 में पीएम ने आधे भरे गिलास का उदाहरण दिया था. तब उन्होंने कहा था कि आधा गिलास पानी से और आधा हवा से भरा है. कन्हैया बोले कि अब जाकर समझ आया कि उस आधे गिलास में हवा नहीं बल्कि सिर्फ PR भरा हुआ है. उन्होंने कहा कि पीएम सिर्फ 2013 और 2047 की बातें करके असली मुद्दों से भाग रहे हैं.
छात्रों के असली मुद्दों पर साधी चुप्पी
कांग्रेस नेता ने कहा कि छात्रों को उम्मीद थी कि पीएम शिक्षा पर बात करेंगे. लेकिन उन्होंने बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों पर एक शब्द नहीं बोला. कन्हैया ने दावा किया कि देश में हर घंटे दो युवा आत्महत्या कर रहे हैं. NEET पेपर लीक के चलते 25 छात्रों ने अपनी जान गंवा दी. देश में बेरोजगारी अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी है. लेकिन पीएम इन सब बातों को नजरअंदाज कर गए.
बंद हो रहे हैं सरकारी स्कूल और कॉलेज
शिक्षा व्यवस्था के आंकड़ों का हवाला देते हुए कन्हैया ने केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि देश में हर रोज औसतन 25 सरकारी स्कूल बंद हो रहे हैं. बीते कुछ सालों में 150 से ज्यादा इंजीनियरिंग कॉलेज बंद हो चुके हैं. सरकार एक परीक्षा भी ठीक से आयोजित नहीं करवा पा रही है. इसके बावजूद पीएम मोदी दावा कर रहे हैं कि देश में सब कुछ ठीक चल रहा है.
‘छात्रों की आवाज से डरती है सरकार’
कन्हैया कुमार ने आगे कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठियां चलाई गईं. पीएम ने इस घटना पर भी कोई दुख व्यक्त नहीं किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी छात्रों की आवाज से डरते हैं. इसलिए यूनिवर्सिटी में छात्रों को एक तरह से हिरासत में रखकर PR कैंपेन चलाया जा रहा है. कन्हैया ने चेतावनी दी कि छात्रों की यही गूंज आने वाले समय में देश के भीतर बड़े बदलाव की वजह बनेगी.
