Pakistani Spy Arrest: गाजियाबाद पुलिस ने संभल के दीपा सराय से इरम उर्फ शाने मेहराज नाम की एक मुस्लिम महिला को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. इस महिला पर गाजियाबाद में पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे गिरोह के साथ मिलकर पाकिस्तान के लिए जासूसी का आरोप है.
पुलिस ने पति का भी मोबाइल जब्त किया है. जिसकी जांच पड़ताल चल रही है. जासूसी के सुराग मिलने के बाद ही पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
फोन में मिले चैटिंग के सबूत
आरोपी महिला के मोबाइल फोन में दिल्ली /एनसीआर के डिफेंस स्पेस की लोकेशन, फोटो, वीडियो, विदेशी मोबाइल फोन नम्बर पर चैटिंग के साक्ष्य मिले हैं. जानकारी के मुताबिक इरम उर्फ शाने मेहराज परिवार के साथ पिछले 2 सालों से गाजियाबाद के मसूरी इलाके में रह रही है. वह ईद का त्योहार मनाने के लिए परिवार के साथ दीपा सराय आई थी.
संभल के ट्रक ड्राइवर फैजान से की थी शादी
मीडिया रिपोर्ट की मानें तो तीन साल पहले शाने मेहराज की शादी संभल के दीपा सराय निवासी ट्रक ड्राइवर फैजान से हुई थी. पिछले कुछ समय से ट्रक ड्राइवर फैजान अपनी पत्नी शाने मेहराज के साथ गाजियाबाद के मसूरी में रहता था. दोनों पति-पत्नी ईद मनाने के लिए अपने गांव दीपा सराय आए थे. इस बीच गाजियाबाद पुलिस ने शाने मेहराज को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया.
दशकों से चर्चाओं में दीपा सराय
बता दें, पाकिस्तान से आतंकी लिंक को लेकर संभल के नखासा थाना क्षेत्र का दीपा सराय कई दशकों से चर्चा में रहा है.1996 से ही यह आतंकी गतिविधियों के कारण चर्चा में रहा है. यहां से अल-कायदा और आईएसआईएस से जुड़े कई लोग सामने आते रहे हैं. 2023 में आईएसआईएस कनेक्शन में दो युवक गिरफ्तार हुए, जबकि अल-कायदा प्रमुख आसिम उमर भी यहीं का था. जून 1996 में खुफिया टीमें दीपा सराय स्थित उसके घर आई थीं. तभी उसके परिजनों को उसके आतंकी बनने की जानकारी हुई.
