उत्तर प्रदेश के गोंडा में अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए युवक को सरयू नदी में अपना शिकार बना लिया. जिसके बाद लखनऊ से आई SDRF की टीम ने शव को बरामद कर लिया है.

युवक को मगरमच्छ ने बनाया शिकार
उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि एक युवक अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ग्रेटर नोएडा से गोंडा आया था. इसी दौरान युवक को मगरमच्छ सरयू नदी के गहरे पानी में खींच ले गया था. जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान 30 साल के दीपक शर्मा के रूप में की गई है. अब दीपक का शव 24 घंटों बाद बरामद हो गया है.
सरयू नदी में मगरमच्छ ने खींचा
जानकारी के मुताबिक युवक अपनी सास के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा हुआ था, इसी दौरान जब वह नदी में नहाने के लिए उतरा तो मगरमच्छ उसे अपने साथ खींच ले गया. जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने काफी खोजा लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला. हार मानकर लखनऊ से SDRF की टीम को बुलाना पड़ा. जिसके बाद युवक का शव बरामद कर दिया गया है. पहले सास और फिर दामाद की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है.
लोगों ने किया था मना
दरअसल, यह पूरा मामला गोंडा जिले के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास का है. यहां मगरमच्छ सरयू नदी में युवक को अपने जबड़े में दबाकर खींच ले गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मना करने के बाद भी दीपक चिता को सजाने के बाद नहाने के लिए नदी में उतरा था., जब युवक ने एक डुबकी लगाई, इसी दौरान नदी में मौजूद मगरमच्छ ने उनके ऊपर हमला कर दिया.
आपदा राहत सहायता की कार्रवाई
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जिसके बाद शुक्रवार सुबह लखनऊ से आई हुई SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करके शव को बरामद किया. ग्रामीणों ने घटनास्थल से लगभग डेढ़ किमी दूरी पर ऐली के पास शव को देखा था, जिसे SDRF टीम ने बाहर निकाला है. मामले में जानकारी देते हुए जिला आपदा अधिकारी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित परिवार के लिए आपदा राहत सहायता की कार्रवाई की जा रही है.
