ग्रेटर नोएडा में एक युवक ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. मृतक ने इस घटना के पीछे अपनी पत्नी को ज़िम्मेदार ठहराया उसने पत्नी पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात कहीं. मृतक ने खतरनाक कदम उठाने से पहले एक वीडियो भी जारी किया था.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाले मामला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय सिंह के रूप में हुई है. वह मूल रूप से कानपुर देहात का रहने वाला था और ग्रेटर नोएडा के मिल्क लच्छी गांव में किराए के मकान में रहता था. अजय ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था. आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए और अपनी मौत के लिए उसे जिम्मेदार बताया.
एक साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक़ अजय की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. बताया जा रहा कि दोनों ने लव मैरिज की थी. शादी के बाद दोनों ग्रेटर नोएडा में किराए के मकान में रह रहे थे. अजय ऑनलाइन डिलीवरी का काम करके परिवार का खर्च चलाता था. पुलिस के मुताबिक घटना से करीब एक सप्ताह पहले अजय की पत्नी अपने मायके उन्नाव चली गई थी. इसके बाद अजय घर में अकेला रह रहा था. इसी दौरान उसने यह कदम उठा लिया.
वीडियो में पत्नी को बताया ज़िम्मेदार
बताया जा रहा है कि फांसी लगाने से पहले अजय ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था. इसमें उसने अपनी पत्नी के साथ हुए विवाद और अपनी परेशानी के बारे में बताया. अजय ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत करती थी. अजय के मुताबिक उसे पत्नी की बातचीत के बारे में कॉल हिस्ट्री से जानकारी मिली थी. इसके बाद उसने पत्नी से दूसरे युवकों से बात नहीं करने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा. अजय ने पत्नी पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप भी लगाया. लगातार चल रहे विवाद और परेशानी से काफी परेशान हो चुका था. उसने अपनी मौत के लिए पत्नी को जिम्मेदार बताया.
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँच कर शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी. बिसरख थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक ने फांसी लगा ली है. मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस अब युवक द्वारा बनाए गए वीडियो और मामले से जुड़े दूसरे तथ्यों की जांच कर रही है.
