उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक शादी समारोह के दौरान 2 चोर सूट-बूट पहनकर गए और ज्वैलरी से भरे बैग को चुरा लिया. जानकारी के मुताबिक बैग के अंदर लगभग 50 लाख रुपए की ज्वैलरी रखी थी.
50 लाख की ज्वैलरी से भरा बैग गायब
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा के चोगानपुर में मौजूद एक फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान लगभग 50 लाख रुपए की ज्वैलरी से भरा हुआ बैग चोरी हो गया. जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी तो सीसीटीवी फुटेज में 2 संदिग्ध युवकों को देखा गया है. पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी हुई है.
लड़की के पिता ने बताया
ग्रेटर नोएडा में एक शादी के दौरान सूट-बूट वाले चोरों ने लाखों के माल पर हाथ मार दिया. शादी के माहौल के बीच जब लड़की के पिता ने बताया कि उनका ज्वैलरी वाला बैग वहां नहीं है, तो मौके पर हड़कंप मच गया. जिसके बाद काफी देर ढूंढ़ने पर बैग नहीं मिला, तो परिसर में लगे हुए कैमरों की फुटेज को निकाला गया. जिसके बाद पता चला कि चोरों ने ज्वैलरी से भरे हुए बैग को गायब कर दिया है.
सूट-बूट पहनकर आए थे चोर
ग्रेटर नोएडा के चोगानपुर गांव में मौजूद गोल्डन ड्रीम फार्म हाउस में एक डॉक्टर की बेटी की शादी चल रही थी. इसी बीच 2 चोर सूट-बूट पहनकर आए और ज्वैलरी वाले बैग को निशाना बना लिया. जानकारी के मुताबिक बैग में लगभग 50 लाख रुपए की ज्वैलरी रखी हुई थी. चोरों ने उस बैग को उठाया और वहां से फरार हो गए. दरअसल इस घटना के दौरान किसी को भी उनके ऊपर शक नहीं हुआ था, क्योंकि दोनों चोर मेहमानों की तरह बनकर आए थे.
विदाई के समय पता लगी चोरी
शादी समारोह के बाद जब विदाई की रस्म आई, तो पिता ने ज्वैलरी देने के लिए बैग ढूंढ़ा, लेकिन काफी ढूंढ़ने के बाद में बैग नहीं मिला. जिसके बाद सीसीटीवी में देखकर पता लगा कि बैग को 2 युवकों ने गायब कर दिया. इस पूरे मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस ने अज्ञात चोरों पर केस दर्ज कर लिया है.
यह भी पढ़ें- मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप! घर के बाहर स्कूटर खड़ा करने पर हुई कहासुनी, रिश्तेदार ने महिला पर कर दिया हमला
