गुरुग्राम में एक टैक्सी ड्राइवर ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी, जिसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को शव सौंप दिए हैं. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

टैक्सी ड्राइवर ने की पत्नी की हत्या
हरियाणा के गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. गुरुग्राम के सेक्टर-9 के अंबेडकर नगर में एक टैक्सी ड्राइवर ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि पत्नी की हत्या करने के बाद व्यक्ति ने खुद भी आत्महत्या कर ली. मृतकों की पहचान 33 साल के दीपक कुमार और उसकी पत्नी सोनम बाई के रूप में की गई है. व्यक्ति टैक्सी चलाकर अपना गुजारा करता था.
8 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक दीपक की शादी 8 साल पहले हुई थी और उसका एक 6 साल का बेटा भी था. दंपति किराए पर घर लेकर गुरुग्राम में रहता था. बताया जा रहा है कि दीपक ने पहले अपनी पत्नी का गला घोंट दिया और फिर खुद सुसाइड कर लिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेद दिया है. हालांकि किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
पत्नी से अलग रहने लगा था व्यक्ति
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है. शुरुआती जांच के मुताबिक दीपक शराब का आदी था, जिसके कारण दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे. दीपक लगभग 1 महीने पहले अपनी पत्नी से अलग रहने लगा था और उसकी पत्नी अपनी बहन के पास रह रही थी. पुलिस ने मृत टैक्सी ड्राइवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
सोनम की बहन को मिले दोनों के शव
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि सोनम की बहन किसी काम से बाहर गई थी, जब वह घर लौटी तो सोनम का शव रसोई में पड़ा था, वहीं दीपक का शव दूसरे कमरे में लटका हुआ था. दोनों का बेटा भी उस समय घर में मौजूद था. शवों को देख तुरंत ही पड़ोसियों को बुलाया और पुलिस को मामले की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में रिश्ते शर्मसार! पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या; गला घोंटकर चेहरे पर डाला तेजाब
