ग्वालियर में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बॉयकट बाल रखने और पहनावे और घर से बाहर नौकरी करने को लेकर युवती का पिता नाराज था. इन्हीं कारणों के चलते पिता ने युवती की हत्या कर दी.
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. ग्वालियर के डबरा में 21 साल की युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि बेटी के बॉयकट बाल, पहनावे और घर से बाहर नौकरी करने को लेकर पिता नाराज था. इसी विवाद में पिता ने अपने भाई के साथ मिलकर बेटी की जान ले ली. पुलिस ने मामले में पिता को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उसके भाई यानी मृतका के चाचा की तलाश की जा रही है.
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला पिछोर थाना क्षेत्र के पथरियापुरा गांव का है. मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इस दौरान आरोपी पिता भगवान सिंह यादव और उसके भाई संतोष यादव ने पहले घर में मौजूद 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ मारपीट की. आरोप है कि दोनों ने उसका गला दबाने की भी कोशिश की. लड़की की मां ने बीच-बचाव कर उसे बचाया.
बॉयकट से नाराज था परिवार
बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों दूसरे मकान में पहुंचे, जहां अनु मौजूद थी. दोनों ने अनु के साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक युवती पर हमला करने के बाद उसका गला दबाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस जांच में सामने आया कि अनु कर्नाटक के विजयपुर में एक मॉल में नौकरी करती थी. वह रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर आई थी. बताया जा रहा है कि परिवार के लोगों को उसका रहन-सहन और पहनावा पसंद नहीं था. वह बॉयकट हेयर रखती थी और अपनी पसंद के मुताबिक कपड़े पहनती थी. जानकारी के मुताबिक उसके बाहर नौकरी करने को लेकर भी परिवार में नाराजगी थी.
हत्या के बाद फरार हुए आरोपी
मामले को लेकर पुलिस को आशंका है कि इन्हीं बातों को लेकर परिवार में विवाद बढ़ा और मामला हिंसा तक पहुंच गया. हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद पिता भगवान सिंह यादव और उसका भाई संतोष यादव मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की.
आरोपी पिता गिरफ्तार, चाचा फरार
थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत ने बताया कि टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पिता भगवान सिंह यादव को गांव के बाहर से गिरफ्तार कर लिया. शुरुआती जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा लग रहा है. युवती की हत्या के मामले में उसके पिता और चाचा पर आरोप है. एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी संतोष यादव की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं.
