हमीरपुर में पुल निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया है. तेज आँधी तूफान के कारण सटरिंग के साथ स्लैब और पुल की कोठी गिरने से नीचे काम कर रहे 5 लोगों की मौत हो गई है.
Hamirpur Bridge Collapse: यूपी के हमीरपुर जिले में नया पुल बनाया जा रहा था. आंधी-तूफान के चलते अचानक यह पुल ढह गया. मलबे में अब तक पांच लोगों के मौत की खबर है. रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है. अन्य कई लोगों की नीचे दबकर मरने की आशंका है. घटनास्थल पर एसडीएम सीओ सहित कई थानों की फोर्स मौजूद है. घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
कुरारा थाना क्षेत्र के निर्माणाधीन कंडौर मोराकांदर पुल का मामला.पुल का निर्माण लालपुर थाना क्षेत्र में चल रहा है, जो मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने का काम करेगा. रेस्क्यू टीम पुल का मलबा हटाने में जुटी हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी-बारिश से स्लैब गिरा। मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में 70-80 की स्पीड में आंधी चली.
पुल के नीचे सो रहे थे मजदूर
ये हादसा गुरुवार-शुक्रवार की रात करीब 3.00 बजे के आसपास हुआ. बेतवा नदी पर बन रहा पुल का एक बड़ा हिस्सा अचानक ढह गया. हादसे के समय पुल के नीचे कई मजदूर सो रहे थे. ये रात को यही सोते थे और सुबह उठकर फिर पुल बनाने के काम में लग जाते थे. बताया जा रहा है कि यह हादसा तेज बारिश, आंधी और तूफान की वजह से हुआ है. मलबे में लोगों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मौत का आंकड़ा 10 तक भी पहुंच सकता है.
बता दें कि यह पुलिस राज्यसभा सदस्य बाबूराम निषाद की कोशिशों से मिली मंजूरी के बाद शुरू किया गया था. सांसद के पैतृक गांव मोरकंदर परसानी के पास ही यह पुल बनाया जा रहा था.
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) के रूप में हुई है. एक मजदूर राजेश पाल (42) के अभी फंसा हुआ है.
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
पुल हादसे का सीएम योगी ने संज्ञान लिया है. मृतकों के प्रति शोक संवेदना जताई है. राहत बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए है. अफसरों को मौक पर पहुंचने के निर्देश है.
