हिसार कोर्ट परिसर के गेट के सामने गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की बेरहमी से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि गैंगस्टर पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने लगभग 12 राउंड फायरिंग की.
हरियाणा के हिसार से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. यहां कोर्ट परिसर के गेट के सामने दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोलियों से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि विनोद काणा पेशी के लिए कोर्ट पहुंचा था. इस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने कोर्ट गेट के सामने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. हमलावरों ने लगभग 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे गैंगस्टर की मौके पर ही मौत हो गई.
40 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज
आपको बता दें कि विनोद काणा हिसार का मोस्ट वांटेड बदमाश था. जानकारी के मुताबिक उसके खिलाफ हत्या समेत लगभग 40 आपराधिक मामले दर्ज थे. बताया जा रहा है कि विनोद ने विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या भी की थी. वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
साथियों ने पकड़ा एक आरोपी
गैंगस्टर विनोद काणा अपने साथियों के साथ कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचा था. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर गोलियां चला दीं. अचानक हुई फायरिंग से कोर्ट परिसर में मौजूद वकीलों और अन्य लोगों में अफरा-तफरी मच गई. फायरिंग के बाद हमलावर मौके से भागने लगे. जानकारी के मुताबिक विनोद के साथियों ने एक आरोपी को पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने विनोद काणा को मृत घोषित कर दिया.
घटना के 2 वीडियो आये सामने
बताया जा रहा है कि इस वारदात से जुड़े 2 वीडियो भी सामने आए हैं. एक वीडियो में हमलावर गोली चलाने के बाद भागता दिखाई दे रहा है. इसके बाद गैंगस्टर के कुछ साथी उसका पीछा कर उसे पकड़ते नजर आ रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में घायल विनोद काणा और उसके दो साथियों को फॉर्च्यूनर गाड़ी में अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है. अब इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
