हावड़ा में एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर आग लग गई. इस खौफनाक घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया.
पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एक दर्दनाक घटना हुई है. हावड़ा के डोमजुड़ थाना क्षेत्र के आंदुल मौड़ी इलाके में एक बहुमंजिला इमारत में अचानक आग लग गई, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया. आग बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर लगी, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग लगने की घटना में एक वृद्ध गोपा बनर्जी की मौत हो गई है.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की गाड़ियां
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. पुलिस और दमकल कर्मियों ने साथ मिलकर घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया. बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान इमारत के अंदर कई लोग फंस गए थे. इसके बाद दमकल कर्मियों ने बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी.
पुलिस रही मौके पर मौजूद
चौथी मंजिल पर आग होने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने चुनौती बढ़ गई. दमकल कर्मी आग के स्रोत तक पहुंचने और उसे नियंत्रित करने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि इमारत में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके. साथ ही पुलिस टीम भी मौके पर मौजूद रही और बचाव अभियान में दमकल विभाग का सहयोग किया.
स्थानीय लोगों को दिखाई दिया धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक बिल्डिंग से धुआं निकलता दिखाई दिया. धुआं दिखने के कुछ ही देर में लोगों को आग लगने की जानकारी हुई. इसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी. जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया.
जांच कर रही टीम
इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिसके चलते पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाली. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग शॉर्ट सर्किट, घरेलू उपकरण या किसी अन्य वजह से लगी, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी.
