भारत अपनी सैन्य शक्तियों को लगातार मजबूत कर रहा है. जिसके चलते देश में नई तकनीकों के चलते हथियारों और मिसाइलों का निर्माण और उनका परीक्षण होता रहता है. अब भारत ने अपनी सैन्य ताकत को और भी ज्यादा मजबूत कर लिया है. DRDO ने बुधवार को ओडिशा तट के पास प्रलय मिसाइल का सफल परीक्षण किया है.
मिसाइलों ने पूरे किए लक्ष्य
भारत की प्रलय मिसाइल को DRDO ने भारतीय कंपनियों के साथ में मिलकर बनाया है. इस मिसाइल के परीक्षण के दौरान भारतीय सेना और वायु सेना के अधिकारी मौजूद रहे. देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस मिसाइल की सफलता पर DRDO के साथ सेना और वायु सेना को बधाई दी है. मिसाइल का यह परीक्षण यूजर इवैल्यूएशन ट्रायल्स के तहत किया गया है. DRDO ने एक ही लॉन्चर से प्रलय मिसाइल का सैल्वो लॉन्च किया है. इन दोनों मिसाइलों ने सभी टारगेटों को पूरा किया है.
स्वदेशी तकनीक में बड़ी सफलता
प्रलय मिसाइल का यह परीक्षण देश की स्वदेशी तकनीक और तुरंत प्रतिक्रिया देने की क्षमता में एक बड़ा प्रदर्शन और बड़ी सफलता माना जा रहा है. एक ही लॉन्चर से बेहद कम समय में 2 मिसाइलों का सफल परीक्षण देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. रक्षा मंत्रालय के मुताबिक बुधवार को ओडिशा तट के पास से एक मिसाइल लॉन्चर से 2 प्रलय मिसाइलों का सफल परीक्षण किया गया है.
ट्रैक की गईं मिसाइलें
जब इस मिसाइल का परीक्षण किया गया उस दौरान इन मिसाइलों की उड़ान पर पूरी तरह से नजर रखी गई. इन मिसाइलों की उड़ान के दौरान चांदीपुर में मौजूद एकीकृत परीक्षण रेंज द्वारा तैनात किए गए ट्रैकिंग सेंसरों ने इन मिसाइलों की पूरे ट्रैजेक्टरी की पुष्टि की. इसके साथ ही मिसाइलों के टारगेटों के पास तैनात जहाजों पर मौजूद टेलीमेट्री सिस्टम की मदद से भी इसकी लास्ट स्टेप को रिकॉर्ड किया गया.
क्या है प्रलय मिसाइल की खासियत?
प्रलय मिसाइल भारत की एक स्वदेशी मिसाइल है. यह एक ठोस ईंधन से चलने वाली क्वासी-बैलिस्टिक मिसाइल है. प्रलय में मॉडर्न गाइडेंस सिस्टम के साथ में स्मार्ट नेविगेशन सिस्टम लगाए गए हैं. जिनकी मदद से यह मिसाइल सटीक निशाना लगाने में सक्षम हो पाएगी. प्रलय मिसाइल अलग-अलग तरह के वारहड ले जाने में सक्षम है और कई टारगेटों को खत्म कर सकती है. इनके चलते इस मिसाइल की प्रभावशीलता काफी ज्यादा बढ़ जाएगी.
1,000 किलो तक वॉरहेड ले जाने में सक्षम
भारत की इस स्वदेशी मिसाइल की रेंज लगभग 500 किलोमीटर के आस-पास मानी जा रही है. यह मिसाइल लगभग 500 किलो से 1,000 किलो तक वॉरहेड ले जाने की क्षमता रखती है. प्रलय मिसाइल की स्पीड काफी ज्यादा मानी जा रही है. यह मिसाइल इतनी तेज है कि जब तक दुश्मन इसके हमले को समझ पाएगा, तब तक प्रलय मिसाइल दुश्मनों के ठिकानों में प्रलय ला देगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में क्राइम ब्रांच का बड़ा छापा, नए साल से पहले ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 10 करोड़ की हेरोइन जब्त
