जम्मू-कश्मीर के बसंतगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों ने गुफा में छिपे हुए 2 पाकिस्तानी आतंकवादियों का एनकाउंटर किया है. इन आतंकियों की तलाश में पुलिस, सेना और CRPF की कई टीमें मंगलवार से ही सर्च ऑपरेशन चला रही थीं.
2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों के हाथ बड़ी सफलता लगी है. उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में गुफा में छिपे हुए जैश-ए-मोहम्मद के 2 पाकिस्तानी आतंकवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है. पुलिस, सेना और CRPF की कई टीमें इन आतंकियों का मंगलवार से ही तलाश कर रही थीं. सुरक्षा बलो ने यह एनकाउंटर रामनगर के जाफर जंगल इलाके में किया है. बताया जा रहा है कि ये आतंकवादी मंगलवार दोपहर से यहां पर छिपे हुए थे.
आधुनिक हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने आतंकियों को मारते हुए बड़ी सफलता हासिल की है. जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों को मौके से एक M4 कार्बाइन और एक AK-47 राइफल मिली है. इस पूरे ऑपरेशन को करने के दौरान पैराट्रूपर्स, डॉग स्क्वॉड और ड्रोन की मदद भी ली गई थी, जिससे गुफा में छिपे हुए आतंकियों के ऊपर सटीक निशाना लगाया जा सके.
मंगलवार को की थी भागने की कोशिश
इस ऑपरेशन की सफलता के बाद में सुरक्षा बलों ने गुफा और उसके आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन को जारी रखा हुआ है. जानकारी के मुताबिक शुरुआती मुठभेड़ में एक आतंकी घायल हुआ था, जिसके बाद में दोनों सुरक्षाबलों से बचने के लिए गुफा के अंदर छिप गए थे. जिसके बाद में मंगलवार को इन आतंकियों ने भागने की कोशिश की थी, जिससे फिर एक बार गोलीबारी और धमाके होने लगे.
अभी भी चल रहा सर्च ऑपरेशन
इस तरह की स्थिति को देखते हुए सेना ने पैराट्रूपर्स और डॉग स्क्वॉड की मदद ली और आतंकियों की घेराबंदी को ज्यादा मजबूत कर दिया. जिसके बाद में इन आतंकियों का एनकाउंटर कर दिया गया है. इन दोनों को मारने के बाद भी सेना सर्च ऑपरेशन चला रही है. इस ऑपरेशन की सफलता के बाद में अधिकारियों का कहना है कि यह काफी बड़ी कामयाबी है, क्योंकि मारे गए दोनों आतंकी अत्याधुनिक हथियारों से पूरी तरह से लैस थे. जो इलाके और देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते थे.
यह भी पढ़ें- डिजिटल धमकियों का खौफनाक अंजाम! मॉर्फ्ड न्यूड तस्वीरों से परेशान व्यक्ति ने कर ली आत्महत्या, मानसिक दबाव में था प्रेम
