गुजरात के अहमदाबाद में एक डेढ़ साल के बच्चे ने खेलते समय गलती से प्लास्टिक का खिलौना निगल लिया. जिसके बाद में डॉक्टरों ने अपर जीआई एंडोस्कोपी प्रोसेस की मदद से खिलौने को बाहर निकाला. फिलहाल बच्चे की हालत सामान्य है.
डेढ़ साल के बच्चे ने निगला खिलौना
गुजरात के अहमदाबाद से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक डेढ़ साल के बच्चे ने खेलते समय प्लास्टिक का ‘हल्क’ खिलौने को गलती से निगल लिया. जिसके बाद में जब उसके परिजनों को इस बात का पता चला, तो वे तुरंत ही बच्चे को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे. एक रिपोर्ट के मुताबिक बच्चे को उल्टी और बेचैनी जैसी शिकायत के बाद में उसके परिजन अस्पताल पहुंचे थे.
जांच देखकर चौंक गए डॉक्टर
सिविल अस्पताल के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि परिजन बच्चे को जब अस्पताल लेकर पहुंचे, तो उसकी जांच की गई. परिजनों ने वहां बताया कि बच्चे का एक प्लास्टिक का खिलौना भी गायब है. उन्होंने बताया कि शक है कि बच्चे ने उस खिलौने को निगल लिया है. जिसके बाद में जांच हुई डॉक्टर भी जांच को देखकर चौंक गए.
पेट में था पूरा खिलौना
एक्स-रे जांच की रिपोर्ट में दिखा कि खिलौना टुकड़ों में नहीं, बल्कि पूरा ही बच्चे के पेट में था. डॉक्टरों ने बताया कि अगर थोड़ी भी और देरी होती, तो खिलौना बच्चे की आंतों में फंस सकता था. जिससे आंतों में ब्लॉकेज या फिर आंत फटने का डर हो सकता था. डॉक्टरों की एक टीम ने अपर जीआई एंडोस्कोपी प्रोसेस की मदद से खिलौने को बाहर निकालने का फैसला किया.
बार-बार फिसल जा रहा था खिलौना
डॉक्टरों ने बताया कि यह फैसला काफी चुनौतियों से भरा हुआ था. डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान खिलौने को पकड़ने की कोशिश करते समय वह बार-बार फिसल जा रहा था. उन्होंने बताया कि ऐसा इसलिए हो रहा था, क्योंकि पेट में हवा भरी होने के कारण पकड़ नहीं बन पा रही थी. हालांकि इस प्रोसेस को पूरा करके डॉक्टरों की टीम ने खिलौने को बच्चे के पेट से सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में 2 पाकिस्तानी आतंकी ढेर, सुरक्षाबलों से गुफा में हुई मुठभेड़, सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी
