गुजरात के राजकोट जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, यहां एक लड़के ने अपनी मां के लिव-इन पार्टनर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है. पूरा मामला पास में ही लगे CCTV में कैद हो गया. मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. मामला राजकोट ग्रामीण क्षेत्र का है.
जानकारी के मुताबिक, 35 साल का कमलेश वाघेला नीता के साथ में 12 साल से लिव इन रिलेशनसिप में रह रहा था. नीता की बेटी की शादी भी उसी ने करवाई थी. वह मजदूर का काम करता था. नीता के पति की मौत से पहले ही दोनों साथ में रहते थे. हालांकि, नीता के दो बेटों में से एक बेटे जयंत को कमलेश और अपनी मां का साथ रहना पंसद नहीं आ रहा था.
इसी कारण से जयंत ने कमलेश को मारने का प्लान बनाया. 7 जुलाई 2026 को उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी. पूरा मामला पास ही लगे सीसीटीवी में कैद हो गया था. आरोपी जयंत से कमलेश बार-बार रहम के लिए अपील करता रहा. वह आसपास के लोगों से भी मदद की गुहार लगा रहा था. कमलेश वीडियो में साफ कहता कि ‘मैने किसी का कुछ भी नहीं किया है’. वहीं, जयंत जवाब में कहता कि मैंने तुम्हें साफ मना किया हुआ था या नहीं. सीसीटीवी में जयंत के साथ में एक और व्यक्ति भी था. हालांकि, वह कौन है अभी तक इसका खुलासा नहीं हो पाया है.
मृतक के 25 वर्षीय भाई कपिल वाघेला ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है. कपिल ने जयंत के खिलाफ में मुकदमा दर्ज कराया है. युवक के खिलाफ में जेतपुर सिटी पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. भाई की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी जयंत वाघेला को गिरफ्तार कर लिया है. मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
ये भी पढ़ें: लोको पायलट पर समोसे खाने के लिए ट्रेन रोकने का आरोप, वायरल वीडियो ने खोली पोल!
