इंदौर महू के बीच में चलने वाली ट्रेन के लोको पायलट को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. दरअसल, यहां के रहने वाले लोगों का आरोप है कि लोको पायलट रोजाना ट्रेन को समोसे खाने के लिए रोकते हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ता है. यह पूरा मामला तब खुला जब सोशल मीडिया पर लोको पायलट ट्रेन से उतरकर समोसे खाते हुए दिखाई दिए.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर डाला, जिसमें लोको पायलट रोजाना 10 मिनट के लिए ट्रेन को समोसे खाने के लिए रोकते हुई दिखाई दिए. लोको पायलट की इस हरकत से स्थानीय लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है.
मीडिया से बातचीत करते हुए रेलवे जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए उनके पास में यह वीडियो आया है. हालांकि, अभी तक वीडियो की कोई भी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन पहली नजर में यह वीडियो उसी क्षेत्र का प्रतीत हो रहा है.
उन्होंने बताया कि इस वीडियो को संबंधित विभाग के पास में भेज दिया गया है. जांच की जा रही है कि यह ट्रेन सिग्नल की वजह से रुकी भी थी या नहीं. सभी तथ्यों की जांच करने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा. वीडियो को संबंधित विभाग के पास में भेजा जाएगा. अगर लोगों की कही गई बात सही निकली, तो रेलवे के नियम के अनुसार उनपर पेनल्टी भी लगाई जाएगी.
अभी के समय में यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. कई लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. तो कई लोग इस वीडियो पर मजे लेते हुए दिखाई दे रहे हैं. कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट कर कहा कि लगता है लोको पायलट को वहां का समोसा ज्यादा पसंद आ गया है. कई यूजर प्रशासन से इस मामले पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: E20 के बाद अब E25, E30 और E85 पेट्रोल की तैयारी? पुरानी गाड़ियों पर क्या होगा असर?
