महाराष्ट्र के लोनावला हिल स्टेशन पर एक 19 साल की छात्रा का शव 300 फीट गहरी खाई में मिला है. छात्रा अपने घर से सोलो ट्रिप का बोलकर निकली थी. पुलिस इस पूरे मामले में जांच कर रही है और छात्रा के दोस्तों से पूछताछ कर रही है.
19 साल की छात्रा का मिला शव
महाराष्ट्र से एक दुखद घटना सामने आई है. महाराष्ट्र के लोनावला हिल स्टेशन पर सोलो ट्रिप पर गई एक छात्र का शव खाई में बरामद हुआ है. जानकारी के मुताबिक 19 साल की एक लॉ स्टूडेंट सोलो ट्रिप पर निकली थी और वह लोनावला हिल स्टेशन गई थी. मृत छात्रा की पहचान नवी मुंबई निवासी 19 साल की श्रिया पाटी के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि छात्रा ठाणे में मौजूद एक प्राइवेट कॉलेज में लॉ की पढ़ाई कर रही थी.
सोलो ट्रिप का बोलकर निकली थी श्रिया
जानकारी के मुताबिक 30 जनवरी को सुबह के समय पर छात्रा अपने घर से एक दिन की सोलो ट्रिप का बोलकर निकली थी. उसने कहा था कि वह शाम तक घर वापस लौट आएगी. जिसके बाद वह घर नहीं लौटी. इस मामले की जांच में सामने आया है कि श्रिया पहले लोनावला के पास में मौजूद मशहूर व्यू पॉइंट ड्यूक्स नोज पर गई थी. जिसके बाद में वह टाइगर पॉइंट पहुंची थी.
चाय की दुकान के पीछे मिला बैग
पुलिस ने बताया कि यही से उसकी खाई में कूदने की उम्मीद जताई जा रही है. टाइगर पॉइंट पर मौजूद एक चाय की दुकान के मालिक को उसकी दुकान के पीछे एक बैग मिला था. इस बैग में छात्रा की आईडी और दूसरा सामान मौजूद था. जब विजय भालेराव नाम के दुकान मालिक को यह बैग मिला तो उसने तुरंत ही पुलिस और छात्रा के परिवार को जानकारी दी.
ड्रोन की मदद से मिला शव
इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. ड्रोन की मदद से खाई में लगभग 300 फीट नीचे की तरफ शव का पता चला है. जिसके बाद में काफी मेहनत करके 31 जनवरी को छात्रा के शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया. फिलहाल इस मामले में पुलिस ने एक्सीडेंट का केस दर्ज किया है. पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- डेढ़ साल के बच्चे ने निगला प्लास्टिक का खिलौना, डॉक्टरों ने कर दिखाया कमाल, आखिर कैसे निकाला प्लास्टिक का ‘हल्क’?
