देहरादून न्यूज: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आदि कैलाश यात्रा के लिए इस साल बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. यह पवित्र यात्रा 8 मई से प्रारंभ होगी, जो पहले चरण में 15 जून तक संचालित की जाएगी। इस दौरान कुल 15 बैच यात्रा पर रवाना किए जाएंगे.
जानें पूरी बात ?
कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) के महाप्रबंधक के अनुसार, यात्रा का पहला दल 8 मई को हल्द्वानी स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से रवाना होगा. यह दल अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ होते हुए आगे की यात्रा पूरी करेगा. वहीं, अन्य बैचों को टनकपुर-धारचूला मार्ग से आदि कैलाश तक ले जाने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे यात्रा और आसान हो सके.
जानिए ‘छोटा कैलाश’ का महत्व ?
‘छोटा कैलाश’ के नाम से प्रसिद्ध आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा का धार्मिक महत्व है. यह यात्रा न केवल आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करती है, बल्कि श्रद्धालुओं को कुमाऊं क्षेत्र के कई प्रमुख और पौराणिक स्थलों के दर्शन का अवसर भी देती है. यात्रा के दौरान भक्तों को कैंची धाम, जागेश्वर मंदिर, चितई गोलू देवता मंदिर और पाताल भुवनेश्वर जैसे प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के दर्शन कराए जाएंगे.
