कानपुर के हिरनी गांव में बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया. मकान गिरने के कारण यहां बड़ा हादसा हो गया। मकान के मलबे में एक परिवार के सभी सदस्य दब गए. जिससे एक व्यक्ति और उसकी 3 बेटियों की मौत हो गई. जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर से दर्दनाक घटना सामने आयी है. कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र के हिरनी गांव में रविवार की सुबह बारिश के बीच एक परिवार पर अचानक मुसीबत टूट पड़ी. यहां लगभग 9:30 बजे एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया. इस घटना में घर के अंदर मौजूद 5 लोग मलबे के नीचे दब गए. जानकारी के मुताबिक हादसे में पिता और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल है
आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
बताया जा रहा है कि जब मकान गिरा तो आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे. जिसके बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर से मलबा हटाना शुरू किया और नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए. घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को भी दी गई. हिरनी गांव निवासी 45 साल के मुकेश मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे.
मलबे में दबे सभी सदस्य
जानकारी के मुताबिक मुकेश के परिवार में चार बेटियां काजल (19), माया (16), नीतू (12) और पल्लवी (7) थीं. रविवार को बारिश के दौरान परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे. इसी बीच अचानक मकान ढह गया और परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और पतारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
मृतक की एक बेटी का चल रहा इलाज
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने मुकेश और उनकी 3 बेटियों को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर ने माया, नीतू और पल्लवी की मौत की पुष्टि की. जानकारी के मुताबिक काजल की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया. फिलहाल उसका इलाज हैलट अस्पताल में चल रहा है. हादसे के बाद परिवार ने सीएचसी में भी इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और घायल काजल को तत्काल इलाज नहीं मिल पाया.
कई दिनों से हो रही बारिश
ग्रामीणों ने घटना के बाद जानकारी देते हुए बताया कि इलाके में पिछले कई दिनों से लगातार बारिश हो रही थी. बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और छत पहले से कमजोर हो गई थीं. रविवार को भी लगातार हो रही बारिश के दौरान मकान अचानक ढह गया. हादसे के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की.
