दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने रविवार रात को लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है. मामले में जांच और पूछताछ करने पर सामने आया कि शब्बीर 2 हैंडलरों के संपर्क में था. इनके कोड नाम अबू हुजैफा और सुमामा बाबर थे.
2 हैंडलरों के संपर्क में था शब्बीर लोन
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी को गिरफ्तार किया है. आतंकी शब्बीर अहमद लोन की गिरफ्तारी के बाद चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के अधिकारी प्रमोद सिंह कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि आतंकी शब्बीर 2 हैंडलरों के संपर्क में था. इनके कोड नाम अबू हुजैफा और सुमामा बाबर थे.
आतंकी के पास से बरामद हुई बांग्लादेशी और पाकिस्तानी मुद्रा
अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी शब्बीर को रात लगभग 10 बजे गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया है, आरोपी मेट्रो पोस्टर केस में फरार चल रहा था. अधिकारी ने जानकारी दी कि आतंकी के पास से लगभग 2,300 बांग्लादेशी टका बरामद हुए हैं. इसके साथ ही आतंकी के पास से 3,000 से 5,000 पाकिस्तानी मुद्रा और एक नेपाली सिम कार्ड भी बरामद हुआ है.
कई जगहों पर करता था रेकी
पुलिस ने इन सभी चीजों को जब्त कर लिया है. जांच में पता चला है कि आतंकी शब्बीर लोन बांग्लादेश में रहता था और उससे पहले उसने कोलकाता के हटियारा में मॉड्यूल के लिए ठिकाना बनाया था. इसी के साथ आतंकी लोन घनी आबादी वाले इलाकों में रेकी भी करता था, जिससे आतंकवादी हमले किए जा सकें. बताया जा रहा है कि हाल ही में आतंकी ने कई इलाकों में रेकी की थी.
साल 2007 में पहली बार हुआ था गिरफ्तार
अधिकारी प्रमोद सिंह ने बताया कि आतंकी का एक मॉड्यूल पहले ही खत्म कर दिया गया था, जिसके बाद वह नए रास्तों तो तलाशने और नए सदस्यों को भर्ती करने के लिए वापस आया था. इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि उसे पहली बार साल 2007 में गिरफ्तार किया गया था. उस समय पता चला था कि उसे सीधे जकी-उर-रहमान लखवी हैंडल कर रहा था.
यह भी पढ़ें- OBC कैटेगरी से बाहर किए जाएं मुसलमान, राज्यसभा में बीजेपी सांसद ने कर दी अनोखी मांग; मच गया बवाल
