Lucknow terror module: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सामने आई इस खबर ने सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. एटीएस की गिरफ्त में आए संदिग्ध आतंकी साकिब और उसके साथियों से पूछताछ में जो खुलासे हुए हैं, वो न सिर्फ चौंकाने वाले हैं, बल्कि बेहद चिंताजनक भी. जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस मॉड्यूल का सरगना आकिब है, जो पहले ही दुबई फरार हो चुका है. यूपी एटीएस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है.
ऐसे फैलाया जा रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि साकिब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Telegram के जरिए एक बड़ा नेटवर्क खड़ा करने में जुटा था. उसने एक दर्जन से अधिक ग्रुप बनाए थे, जिनमें भड़काऊ वीडियो, कट्टरपंथी विचारधारा और आपत्तिजनक कंटेंट शेयर किया जाता था. इन ग्रुपों के जरिए युवाओं को जोड़कर देश विरोधी गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा था. डिजिटल जांच में यह भी सामने आया है कि साकिब का नेटवर्क केवल यूपी तक सीमित नहीं था. दिल्ली, हरियाणा और मुंबई तक इसके तार जुड़े मिले हैं. उसका मकसद कम समय में ज्यादा लोगों को जोड़कर बड़ी आतंकी घटनाओं को अंजाम देना था.
पाकिस्तानी हैंडलर्स से साकिब का संपर्क
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आकिब ने दुबई में रहते हुए साकिब का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से करवाया था. मोबाइल से मिले ऑडियो मैसेज में यह सामने आया है कि मॉड्यूल को भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासकर रेलवे स्टेशन पर हमला करने का टास्क दिया गया था. एटीएस के अनुसार, साकिब पंजाब के कुछ असलहा तस्करों के संपर्क में था और हथियार खरीदने की योजना बना रहा था. उसने फायरिंग प्रैक्टिस की बात भी कबूल की है, जिससे उसकी मंशा बेहद गंभीर मानी जा रही है.
जांच एजेंसियां अलर्ट
फिलहाल एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं. संदिग्धों से मिले इनपुट के आधार पर देशभर में जुड़े लोगों और तस्करों की पहचान की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.
क्या है लुकआउट नोटिस
लुकआउट नोटिस या लुकआउट सर्कुलर (LoC) एक आधिकारिक निर्देश है जो देश की कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा हवाई अड्डों, बंदरगाहों और सीमाओं पर आव्रजन अधिकारियों को जारी किया जाता है. इसका मुख्य उद्देश्य किसी अपराधी या संदिग्ध व्यक्ति को देश छोड़कर भागने (विदेश जाने) से रोकना और उसे पकड़ना है.
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में दिन-दहाड़े घर से चोरी! बच्चों को झूठ बोल घर में घुसे चोर; 2 गैस सिलेंडर लेकर फरार
