मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक शराबी पति ने अपनी ही पत्नी को गोली मार दी. पत्नी काफी बीमार थी. जिसके चलते उसने खाना बनाने से मना कर दिया था. इसी बात से गुस्साए पति ने उसकी हत्या कर दी.
पति ने अपनी पत्नी को मेरी गोली
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक शराबी पति ने अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक व्यक्ति की पत्नी बीमार थी. पत्नी ने अपनी बीमारी के कारण खाना बनाने से मना कर दिया था और इसी बात से गुस्साएं व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी. दरअसल पूरा मामला ग्वालियर के मुरार इलाके का है. यह पूरी घटना मुरार इलाके में शनिवार रात लगभग 11 बजे के आसपास घटी है.
पत्नी ने खाना बनाने से किया था मना
इस घटना को लेकर मुरार सर्कल के SP सिटी ने बताया कि आरोपी की पहचान सोनू तोमर नाम के व्यक्ति के रूप में की गई है. सोनू तोमर नशे की हालत में घर गया था. घर पहुंचने के बाद उसने अपनी पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा, लेकिन उसकी पत्नी ने तबियत खराब होने के कारण खाना बनाने से मना कर दिया. पत्नी के खाना बनाने से मना करने की बात पर सोनू काफी गुस्से में आ गया. जिसके बाद सोनू तोमर ने अपनी पत्नी के गोली मार दी.
घटना के वक़्त आरोपी के बच्चे भी थे मौजूद
इस पूरी घटना के बाद में सोनू मौके से बाहर निकल गया. इस घटना के समय पर घर में आरोपी के माता-पिता के साथ में 14 साल की बेटी और 11 साल का बेटा भी मौजूद था. इस पूरी घटना की जानकारी आरोपी के पिता ने पुलिस को दी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस की टीम के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस ने शराब पीते हुए आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद सोनू तोमर को बजरिया इलाके से शराब पीते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस से पूछताछ में सोनू ने बताया कि हादसे में इस्तेमाल किया गया हथियार उसने कहीं फेंक दिया है, फिलहाल पुलिस हथियार को बरामद करने की तलाश में है. जानकारी के मुताबिक सोनू तोमर शराब पीने का आदी है. पुलिस मामले में आरोपी के पुराने आपराधिक रिकार्ड्स की भी जांच कर रही है.
