मानसा में एक पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और बेटो पर गोली चला दी. इसके बाद उसने ख़ुद को भी गोली मार ली घटना में पुलिसकर्मी और उसके एक बेटे की मौत हो गई है. जबकि पत्नी और घायल बेटे का इलाज लगातार जारी है.
पंजाब के मानसा में पारिवारिक विवाद के बाद एक पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और दो बेटों पर गोली चला दी. जानकारी के मुताबिक़ इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. मंगलवार सुबह हुई इस घटना में पुलिसकर्मी और उसके एक बेटे की मौत हो गई, जबकि पत्नी और दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सिविल अस्पताल से रेफर
बताया जा रहा है कि मृतकों की पहचान पुलिसकर्मी गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत के रूप में की गई है. वहीं, उसकी पत्नी हरप्रीत कौर और दूसरे बेटे दिलशान की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों को मानसा के सिविल अस्पताल से रेफर किया गया है.
डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जानकारी के मुताबिक़ घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे हुई. पुलिसकर्मी गुरविंदर सिंह ने पहले अपनी पत्नी हरप्रीत कौर और दोनों बेटों को गोली मारी. इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली. गोलियों की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया. घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए मानसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल हरप्रीत कौर और दिलशान को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक़ फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के पीछे की वजह को लेकर पुलिस जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है.
सुरक्षा में तैनात था पुलिसकर्मी
बताया जा रहा है कि मृतक गुरविंदर सिंह पंजाब पुलिस में तैनात था और मानसा के डिप्टी कमिश्नर की सुरक्षा में गनमैन के तौर पर काम कर रहा था. जानकारी के मुताबिक़ वह पिछले दो दिनों से छुट्टी पर था. छुट्टी के दौरान ही यह घटना हुई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मानसा के SSP वैभव चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को हुई गोलीबारी पारिवारिक झगड़े का मामला है. उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस के कर्मचारी ने ही अपने परिवार पर फायरिंग की थी. इस घटना में दो लोगों की मौत हो चुकी है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्थिति साफ़ हो सकेगी. फिलहाल, घायल मां-बेटे का इलाज जारी है.
