उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक 17 साल का युवक अचानक कुत्तों जैसी हरकतें करने लगा. जिसके बाद उसके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया है. बताया जा रहा है कि युवक को 4 महीने पहले कुत्ते ने काटा था.
कुत्ते जैसी हरकतें करने लगा युवक
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 17 साल के लड़के की हरकतों में अचानक बदलाव आ गया और वह कुत्ते जैसी हरकतें करने लगा. जानकारी के मुताबिक युवक कुत्तों की तरह भौंकने लगा और इसी के साथ उसके बैठने और चलने का तरीका भी पूरी तरह से कुत्ते की तरह हो गया. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना कछवा थाना के जोगीपुरवा गांव की है.
4 महीनों पहले कुत्ते ने काटा था
गांव के रहने वाले भाईलाल ने बताया है कि उनका 17 साल का करन नाम का बेटा लगभग 4 महीनों पहले नानी के घर गया था. जहां उसे एक कुत्ते ने काट लिया था. जिसके बाद युवक के परिजनों ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और एक इंजेक्शन लगवा दिया. जिसके बाद युवक के दूसरा इंजेक्शन कछवा सीएचसी में लगवाया गया, जिसके बाद के इंजेक्शन लगवाने में लापरवाही बरती और इंजेक्शन नहीं लगवाए.
वायरस ने कर लिया कब्जा
कुत्ते के काटने के लगभग 4 महीनों बाद युवक की हरकतें बदलकर कुत्तों जैसी हो गईं. जानकारी के मुताबिक युवक कुत्तों जैसी आवाजें निकालने लगा और 4 पैरों पर चलने लगा. युवक की हालत देख परिजनों ने उसे तुरंत ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है. डॉक्टर पंकज पांडेय ने इस स्थिति को हाइड्रोफोबिया करार दिया है. उन्होंने बताया कि रेबीज का डोज पूरा न लेने के कारण युवक के ऊपर वायरस ने कब्जा कर लिया है.
बचना काफी मुश्किल होता है
डॉक्टर पंकज पांडेय ने बताया कि जब रेबीज के लक्षण दिखते हैं, तो सांस की नली सिकुड़ जाती है और पीड़ित की आवाज कुत्ते जैसी हो जाती है. उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति में पहुंचने के बाद व्यक्ति का बचना काफी मुश्किल हो जाता है. डॉक्टरों ने मामले में बताया कि इंजेक्शन का कोर्स पूरा न होने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है. फिलहाल पीड़ित को क्वारंटीन में रखा गया है.
यह भी पढ़ें- अमेरिका को सीधी चुनौती? इराक मौजूद अमेरिकी एंबेसी पर ड्रोन अटैक; परिसर में मौजूद हेलीपैड पर लगाया निशाना
