Asaduddin Owaisi News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तैनात सीओ कुलदीप कुमार पर AIMIM के सदर और हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी भड़क गए हैं. उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये देश संविधान से चलता है, किसी के बाप की जागीर नहीं है, जो हमें कहीं जाने के लिए बोले.
देश संविधान से चलेगा या किसी की जुबान से? ओवैसी
ओवैसी ने कहा कि मैंने भी संभल सीओ के वीडियो को देखा है. इसमें वह पीस कमेटी की बैठक में मुसलमानों को थाने में बुलाते हैं और उनको ईरान का नाम लेकर धमकाते हैं. क्या ये देश उनके (सीओ) बाप का है? देश संविधान से चलेगा या किसी की जुबान से?
संभल के सीओ बेंजामिन नेतन्याहू की जुबान बोल रहे
असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल करते हुए कहा कि इस मुल्क में मुसलमान होना अब जुर्म बन गया है? उन्होंने कहा कि संभल के सीओ बेंजामिन नेतन्याहू की जुबान बोल रहे हैं. क्या गारंटी है कि कल को इजरायल के समर्थन में रैली निकलेगी तो वो उसे रोक देंगे. उल्टे जय-जय के नारे लगाएंगे. देश में बोलने की आजादी है, कानून भी है, फिर किसी के हक छीने जा रहे हैं.
ओवैसी ने ईरान युद्ध और पीएम को लेकर कहा कि भारत इस तरह से व्यवहार क्यों कर रहा है? देश के पीएम को ईरान पर हुए हमले की निंदा करनी चाहिए थी. पीएम को दोहा, दुबई, बहरीन और कुवैत में हुई घटनाओं की निंदा करनी चाहिए थी.
संभल सीओ का वीडियो हुआ था वायरल
आपको बता दें, सीओ कुलदीप ने कहा था कि कुछ लोग ईरान के लिए छाती पीट रहे हैं कि ईरान को मार डाला, अगर इतना कुछ है तो चले जाओ ईरान. अगर उस झगड़े का हमारे देश में कानून व्यवस्था पर असर होगा तो हम बढ़िया वाला इलाज करेंगे. इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि जो रील बनाने के चक्कर में होगा उसकी हम रेल बना देंगे.
