Nashik SIT Chargesheet: नासिक के बहुचर्चित टीसीएस (TCS) केस में विशेष जांच टीम (SIT) ने दानिश शेख और तौसीफ अत्तार समेत 4 मुख्य आरोपियों के खिलाफ अदालत में करीब 1500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है.

Nashik SIT Chargesheet: महाराष्ट्र के नासिक में सामने आए चर्चित TCS केस में अब जांच ने बड़ा मोड़ ले लिया है. इस मामले की जांच कर रही एसआईटी ने चार आरोपियों के खिलाफ करीब 1500 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल की है. यह मामला एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाली महिला की शिकायत से जुड़ा है. पीड़िता ने छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव और धार्मिक भावनाएं आहत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम बनाई थी.
पुलिस के मुताबिक अब तक इस पूरे मामले में कुल 9 केस दर्ज किए जा चुके हैं. ये मामले देवलाली कैंप और मुंबई नाका पुलिस थानों में दर्ज हुए हैं. जांच के बाद जिन चार लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है, उनमें दानिश इजाज शेख, तौसीफ बिलाल अत्तार, निदा इजाज खान और मतीन माजिद पटेल के नाम शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों ने मिलकर साजिश के तहत पीड़िता को परेशान किया और अलग-अलग तरीकों से दबाव बनाया.
एसआईटी जांच के दौरान कई अहम सबूत सामने आए हैं. पुलिस ने 17 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं. ये बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए. इसके अलावा मेडिकल रिपोर्ट भी जांच का हिस्सा बनी है. पुलिस को डिजिटल सबूत भी मिले हैं. इनमें व्हाट्सएप चैट, ईमेल रिकॉर्ड और दूसरे ऑनलाइन दस्तावेज शामिल हैं. जांच एजेंसियों का कहना है कि ये सबूत आरोपियों की भूमिका को मजबूत करते हैं और पूरे मामले को समझने में मदद कर रहे हैं.
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पीड़िता के कुछ जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लिए थे. पुलिस ने वे दस्तावेज जब्त कर लिए हैं. इसमें पहचान पत्र, बैंक रिकॉर्ड, जाति प्रमाण पत्र और वाहन से जुड़े कागज भी शामिल बताए गए हैं. पुलिस का दावा है कि मामले में आर्थिक धोखाधड़ी और पहचान बदलने जैसे पहलू भी सामने आए हैं. इसी वजह से जांच को काफी गंभीर माना जा रहा है.
फिलहाल सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं. अदालत पहले ही उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर चुकी है. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे पूरक चार्जशीट भी दाखिल की जा सकती है. वहीं मुंबई नाका थाने में दर्ज बाकी मामलों की भी जांच चल रही है. इस पूरे केस ने नासिक में बड़ा कानूनी और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है. आने वाले दिनों में अदालत में सुनवाई के दौरान कई और तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
