Nepal Flash Flood 2026: 26 अगस्त 2026 को नेपाल के रसुवा में आई भीषण बाढ़ से 95 लोगों की मौत के बाद तिब्बत में चीन के निर्माण कार्यों और अर्ली वार्निंग न देने पर बड़ा विवाद छिड़ गया है.

Nepal Flash Flood 2026: नेपाल के रसुवा जिले में बुधवार, 26 अगस्त 2026 को अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी में आए पानी के भयानक उफान ने बस्तियों, पुलों और सड़कों को तहस-नहस कर दिया. इस कुदरती आफत में अब तक 95 लोगों की मौत हो चुकी है. लेकिन इस भयानक त्रासदी के बीच अब एक बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक विवाद शुरू हो गया है. तिब्बत में चीन की गतिविधियों को लेकर नेपाली पत्रकारों और विशेषज्ञों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है. नेपाली मीडिया का आरोप है कि चीन के अनियंत्रित निर्माण कार्यों की वजह से यह तबाही मची है, जिसने नेपाल में बड़ा संकट खड़ा कर दिया है.
तिब्बत के ग्यारोंग शहर में चीनी निर्माण पर उठे गंभीर सवाल
नेपाली पत्रकारों के समूह ‘नेपाल कॉरेस्पोंडेंस’ ने सोशल मीडिया पर चीन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उनका दावा है कि तिब्बत के ग्यारोंग शहर के पास चीन ग्लेशियर वाले इलाकों में शियाओकांग बस्तियों का निर्माण कर रहा है. आरोप है कि चीन पहाड़ों को काटकर और त्रिशूली नदी के प्राकृतिक प्रवाह को रोककर बुनियादी ढांचा तैयार कर रहा है. रसुवा सीमा पर ग्यारोंग पोर्ट का निर्माण नदी के संगम पर किया गया है. इस वजह से नेपाल की तरफ बहने वाले पानी की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है. पत्रकारों ने इसे चीन की सोची-समझी पारिस्थितिक लापरवाही बताया है और नेपाल सरकार से चीन के सामने यह मुद्दा उठाने की मांग की है.
विशेषज्ञों का दावा, नेपाल की सीमा से शुरू हुआ भूस्खलन
दूसरी तरफ, अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों ने चीन पर लगे इन सीधे आरोपों को खारिज किया है. ऑस्ट्रेलियाई नीति संस्थान के विश्लेषक नाथन रूजर ने कहा कि सैटेलाइट तस्वीरों की जांच से अलग कहानी सामने आई है. तस्वीरों के मुताबिक, इस भीषण भूस्खलन की शुरुआत नेपाल सीमा के अंदर स्थित लांगटांग लिरुंग के ढलानों से हुई थी.
