Petrol Diesel Price Cut: पाकिस्तान सरकार ने आम जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 22-22 रुपये प्रति लीटर की भारी कटौती की है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दामों में आई गिरावट के बाद यह नया फैसला 30 मई से प्रभावी कर दिया गया है.

Petrol Diesel Price Cut: पाकिस्तान सरकार ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है. इससे पहले भी सरकार ईंधन के दाम कम कर चुकी थी, लेकिन इस बार राहत और ज्यादा दी गई है. नए फैसले के तहत पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल दोनों की कीमत में 22-22 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है. इसके बाद पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 380 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 381 रुपये प्रति लीटर हो गई है. सरकार का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटने का फायदा आम लोगों तक पहुंचाया जा रहा है.
दुनियाभर में कच्चे तेल के दाम में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है. खास तौर पर ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत एक हफ्ते में करीब 11 फीसदी तक नीचे आ गई है. इसकी एक बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की चर्चा को माना जा रहा है. हालांकि दोनों देशों के बीच कुछ मुद्दों पर अभी भी मतभेद बने हुए हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. इसके बावजूद तेल बाजार में राहत का माहौल दिखाई दे रहा है.
पाकिस्तान के पेट्रोलियम डिवीजन ने बताया कि नई कीमतें 30 मई से लागू कर दी गई हैं. पेट्रोल और डीजल के अलावा केरोसीन के दाम में भी बड़ी कटौती की गई है. ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक केरोसीन की कीमत 313.44 रुपये से घटाकर 272 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. इससे उन लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है जो घरेलू जरूरतों और छोटे कारोबार में केरोसीन का इस्तेमाल करते हैं.
हालांकि मौजूदा राहत के बावजूद पाकिस्तान में पिछले कुछ महीनों के दौरान ईंधन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी भी देखने को मिली थी. अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू होने के बाद तेल बाजार में उथल-पुथल मच गई थी. मार्च में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम 55 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ा दिए थे. इसके बाद अप्रैल में भी कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की गई थी. ऐसे में हाल की कटौती को पहले हुई बढ़ोतरी के मुकाबले राहत के रूप में देखा जा रहा है.
पेट्रोल का सबसे ज्यादा इस्तेमाल निजी वाहनों, बाइक, स्कूटर और रिक्शा में होता है. इसलिए इसकी कीमत घटने का सीधा फायदा आम लोगों को मिलता है. वहीं डीजल का उपयोग ट्रक, बस और माल ढुलाई वाले बड़े वाहनों में किया जाता है. डीजल सस्ता होने से परिवहन लागत कम हो सकती है. दूसरी तरफ भारत में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी धीरे-धीरे कई चरणों में की गई है. सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि ऐसा महंगाई का बोझ कम रखने और नुकसान की भरपाई के लिए किया गया है.
