उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक व्यक्ति अपने बेटे को बचाने के लिए मगरमच्छ से भिड़ गया. व्यक्ति ने बिना किसी हथियार के अपने बेटे को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ा लिया.
मगरमच्छ से भिड़ा व्यक्ति
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से दिल दहलाने और एक पिता की हिम्मत की दाज देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता अपने 14 साल के बेटे को बचाने के लिए मगरमच्छ के साथ भिड़ गए. जिसके बाद बिना अपनी जान की परवाह किए अपने बच्चे को मगरमच्छ के मुंह से निकाल लिया. जानकारी के मुताबिक पूरी घटना जहानाबाद के नगरिया सहगवां गांव की है.
बेटे के ऊपर किया मगरमच्छ ने हमला
गांव के रहने वासे प्रेम शंकर अपने बेटे मोहित के साथ गेहूं की फसल काटने के लिए खेत पर गए थे. इसी दौरान मोहित नदी के किनारे पहुंच गया, जिसके बाद पानी में मौजूद मगरमच्छ ने उसके ऊपर अचानक से हमला कर दिया. जब तक मोहित को कुछ समझ आया, तब तक मगरमच्छ ने उसे अपने जबड़े में पकड़ लिया और पानी की तरफ खींचने लगा. बेटे की चीख सुनते ही व्यक्ति नदी किनारे दौड़ पड़ा.
बिना हथियार मगरमच्छ से मुकाबला
बेटे की चीख के बाद प्रेम शंकर ने बिना कुछ सोचे मगरमच्छ के साथ मुकाबला चालू कर दिया. वे बिना किसी हथियार के ही मगरमच्छ से भिड़ गए. कुछ मिनटों तक काफी कड़ा संघर्ष करने के बाद व्यक्ति ने अपने बेटे को मगरमच्छ से जबड़े से बाहर खींच लिया. इस घटना में मोहित घायल हुआ है. मगरमच्छ से छुड़ाने के बाद युवक ने तुरंत ही अपने बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया.
खतरे से बाहर बच्चे की स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई. जिला अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं. हालांकि इलाज के बाद अब उसकी हालत खतरे से बाहर है. इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में मगरमच्छ का खतरा लगातार बढ़ रहा है और अब खेतों पर जाना भी खतरे भरा हो गया है.
यह भी पढ़ें- देहरादून में पुलिस की बड़ी सफलता! ब्रिगेडियर हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार; मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
