Prayagraj News:यूपी के प्रयागराज के करैली में हुए प्रॉपर्टी डीलर इरफान हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है, पुलिस गिरफ्त में आए एक अभियुक्त ने हत्याकांड के लिए रेकी की थी, जबकि दूसरे अभियुक्त ने हत्याकांड के दौरान साथ मौजूद था. पुलिस ने वसीम उर्फ कबूतर और हुसैन उर्फ प्लंबर को गिरफ्तार किया है. दोनों अभियुक्तों की भूमिका के पुख्ता सबूत पुलिस को मिले हैं. बता दें कि जमीनी विवाद में 8 अप्रैल को प्रॉपर्टी डीलर इरफान की गोली मारकर हत्या की गई थी.
प्रॉपर्टी डीलर इरफान की गोली मारकर हत्या
बता दें कि 8 अप्रैल की शाम प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र के ऐनुद्दिनपुर इलाके में माफिया अतीक के भाई अशरफ के गनर रहे प्रॉपर्टी डीलर इरफान की गोली मारकर हत्या कर दी गई. प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के बाद उसके बेटे की तरफ से करेली थाने में दी गई तहरीर में माफिया अतीक के ही शूटर आसिफ दुर्रानी और उसके भाई राशिद व अन्य के खिलाफ तहरीर दी गई. जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. हालांकि घटना में नामजद मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. लेकिन इस हत्याकांड में रेकी और सहयोगी के रूप में शामिल दो अभियुक्त गिरफ्तार हुए हैं.
हत्याकांड का मोटिव अभी साफ नहीं
अधिकारियों के मुताबिक हत्याकांड का मोटिव अभी साफ नहीं है, यह मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद साफ हो पाएगा कि असल में हत्या की वजह क्या है? लेकिन प्रथम दृष्ट्या जमीनी विवाद में ही हत्या की बात सामने आई है. अभी मुख्य अभियुक्तों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुईं हैं. फरार चल रहे नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित करने की तैयारी है.
डीसीपी सिटी प्रयागराज, मनीष शांडिल्य का कहना है कि हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई है. अभी हालांकि नामजद मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर है. लेकिन जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, जिसके बाद हत्याकांड की मुख्य वजह क्या है यह साफ हो पाएगी. लेकिन प्रथमदृष्टया जमीनी विवाद को लेकर हत्या की बात सामने आई है.
ये भी पढ़ें: ‘तुम काले हो, मुझे बेहतर चाहिए’- काले रंग से नफरत इतनी कि पति की ही ले ली जान, सुपारी देकर करवा दी हत्या
