पंजाब के जालंधर में आप नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या में शामिल 2 बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज मिली है. पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि हत्या में शामिल 2 आरोपी स्कूटी पर आए थे.
आप नेता की हत्या
पंजाब के जालंधर में दिन दहाड़े आम आदमी पार्टी के नेता की हत्या कर दी गई. जालंधर के मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर लक्की ओबेरॉय के ऊपर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर हमलावरों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया. यह पूरी वारदात तब हुई, जब लक्की मत्था टेकने के लिए गुरुद्वारा पहुंचे थे. जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने लक्की के ऊपर बेहिसाब गोलियां चलाईं थीं.
शरीर में लगी थीं 5 गोलियां
लक्की ओबेरॉय के ऊपर हमला करते हुए हमलावरों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ हमला गोलियां बरसाईं, जिससे 5 गोलियां लक्की के शरीर को लगीं. गोली लगने से उनकी हालत काफी गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया, लेकिन वहीं उनकी मौत हो गई. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी.
स्कूटी पर आए थे आरोपी
इस पूरे मामले में जालंधर के एडिशनल डीसीपी हरिंदर सिंह गिल ने जानकारी दी है कि इस हमले में मौके पर 2 आरोपी आए थे. उन हमलावरों में से 1 ने कई राउंड फायर किए. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में यही पता लगा है. फिलहाल अभी तक हत्या के पीछे के कारणों का सटीक पता नहीं लग पाया है. पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फोटोज को भी खंगाल रही है. फॉरेंसिक टीम भी इस वारदात के बाद एक्टिव हो गई है और मामले की जांच कर रही है.
राजनीतिक बयानबाजी भी तेज
बताया जा रहा है कि लक्की ओबेरॉय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी से नगर निगम का चुनाव लड़ा था, लेकिन वह जीत नहीं पाई थीं. इस पूरी घटना के बाद में राजनीतिक बयानबाजी भी काफी तेज हो गई है. शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने आप पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से खराब हो गई है.
यह भी पढ़ें- अब पानी में डूबकर नहीं टूटेगी सांस! नोएडा में बनाई जाएंगी 6 नई जल पुलिस चौकियां, हर जोन में तैयार होगी रेस्क्यू टीम
