पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने इंसानियत की अनोखी मिसाल पेश की है. उन्होंने सड़क पर तड़प रहे एक घायल बच्चे को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया. सांसद ने अपने काफिले को रोककर बच्चे की मदद की.

सड़क पर दर्द से तड़प रहा था बच्चा
बिहार के पूर्णिया जिले से एक अनोखी तस्वीर सामने आई है. पूर्णिया की सड़क से सामने आने वाली इस तस्वीर ने वहां मौजूद लोगों की आंखों को नम कर दिया. बताया जा रहा है कि सड़क पर एक 10 साल का मासूम बच्चा खून से लथपथ हालत में दर्द से कराह रहा था, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आ रहा था. इस दौरान वहां से गुजर रहे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव की नजर सड़क पर मौजूद बच्चे पर पड़ी.
ऐ बेटा, कुछ नहीं होगा- पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव ने अपने काफिले को रुकवाया और बच्चे को गोद में उठा लिया. उन्होंने बच्चे से कहा, ऐ बेटा, कुछ नहीं होगा हम लोग हैं. अब यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गया है. घायल बच्चे की पहचान पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के रहने वाले चंदन पासवान के बेटे अंकित कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि घायल बच्चा कक्षा 3 का छात्र है.
सड़क पार कर रहा था बच्चा
जानकारी के मुताबिक बच्चा स्कूल की छुट्टी के बाद सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान वह एक टोटो की चपेट में आ गया. हादसे में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद बच्चा सड़क पर ही गिर गया. इस दौरान वहां से गुजर रहे सांसद पप्पू यादव के काफिले को बच्चे ने हाथ देकर रुकने का इशारा किया. इस दौरान तुरंत ही सांसद पप्पू यादव गाड़ी से उतरे और घायल मासूम को गोद में उठाकर गाड़ी में बैठाया.
गाड़ी में लेकर अस्पताल पहुंचे सांसद
बच्चे को गाड़ी में बैठाने के बाद वे तुरंत ही अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को तुरंत ही बच्चे का इलाज शुरू करने के निर्देश दिए. फिलहाल घायल बच्चे की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस घटना की जानकारी मिलते ही घायल अंकित के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए. सांसद पप्पू यादव ने बच्चे को आर्थिक सहायता भी दी है. फिलहाल इस मामले की चर्चा अब पूरे शहर में हो रही है.
यह भी पढ़ें- आपस में भिड़ीं अमरनाथ यात्रियों की बसें! चपेट में आई एक कार; हादसे में 18 श्रद्धालु घायल
