राम मंदिर दान चोरी मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने दान चोरी के पैसों को शेयर बाजार में निवेश किया था और ब्याज पर भी उधार दिया था. पूछताछ के दौरान आरोपी ने यह स्वीकार किया है.

शेयर बाजार में निवेश किया पैसा
राम मंदिर में दान चोरी मामले में पुलिस लगातार नए-नए खुलासे कर रही है. अब पुलिस ने इस मामले में नया खुलासा किया है. जानकारी के मुताबिक यहां से चुराए गए पैसों का एक हिस्सा शेयर बाजार में निवेश किया गया था और ब्याज पर भी उधार दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार हो चुके 3 आरोपियों को रिमांड पर लिया है और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है.
रिश्तेदारों के बैंक खातों पर रोक
पुलिस ने तीनों आरोपियों के रिश्तेदारों के 30 बैंक खातों पर रोक लगाई है. आपको बता दें कि मामले में SIT जांच के बाद FIR को दर्ज किया गया है और कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. पुलिस ने पैसे के निवेश को लेकर गुरुवार को जानकारी दी है. पुलिस के मुताबिक कई लेन-देन रिश्तेदारों और करीबी लोगों के बैंक खातों के जरिए किए गए थे. पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा को उसके घर ले जाकर लगभग 20 मिनट तक तलाशी ली है.
आरोपियों को घर ले गई पुलिस
पुलिस इसी तरह आरोपी लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को भी उनके घरों पर ले गई है. पुलिस ने आरोपियों के परिवार से भी पूछताछ की है. पुलिस ने करुणेश पांडे, लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के रिश्तेदारों के 30 बैंक खातों में लेन-देन करने पर रोक लगा दी है. जांच के दौरान इन खातों के मालिकों की आय से ज्यादा लेन-देन पाया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों के घर से नकदी के बंडल, झुमके और लॉकेट के साथ सोने के आभूषण और एक कार को बरामद किया है.
रिश्तेदारों और करीबियों में बंटा पैसा
हालांकि अभी तक बरामद की गई नकदी की मात्रा का खुलासा नहीं किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने स्वीकार किया है कि चोरी किए गए पैसे को शेयर बाजार में निवेश किया था और ब्याज पर भी उधार दिया था. पुलिस जांच में सामने आया है कि चुराए गए पैसे को करीबी लोगों और रिश्तेदारों के बीच बांटकर बाद में अपने खातों में कई ट्रांजेक्शन के जरिए वापस मंगाया गया.
यह भी पढ़ें- रेलवे का बड़ा सरप्राइज! विजयवाड़ा स्टेशन पर अनोखी सुविधा; यात्री बोले- होटल की जरूरत नहीं…
